रायगढ़: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर बीच पर गुरुवार को समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक छात्र लड़के थे और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुणे के आलंदी इलाके से 48 लोगों का एक समूह पिकनिक के लिए दिवेआगर आया था। इस समूह में 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र, छात्राएं और शिक्षक शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, समूह के 8 छात्र समुद्र में उतर गए थे। पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं होने के कारण वे डूब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और छात्रों के शव बरामद किए।
ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक थे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिकनिक पर आए 48 लोगों में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे। छात्र ‘विनर्स एकेडमी’ से जुड़े बताए जा रहे हैं।
यह समूह पुणे से करीब 157 से 160 किलोमीटर दूर रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन तालुका स्थित दिवेआगर बीच पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, कुछ छात्र समुद्र में चले गए और गहराई तथा पानी के बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सके। इसके बाद उनके डूबने की सूचना मिली।
दिवेआगर क्यों है लोकप्रिय?
दिवेआगर बीच रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन तालुका में अरब सागर के किनारे स्थित है। यह अपने लंबे रेतीले समुद्र तट, नारियल और सुपारी के पेड़ों तथा शांत माहौल के लिए जाना जाता है।
दिवेआगर की पहचान यहां स्थित सुवर्ण गणेश मंदिर से भी जुड़ी है। वर्ष 1997 में यहां सोने की गणेश प्रतिमा मिलने के बाद यह इलाका महाराष्ट्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हुआ।
महाराष्ट्र पर्यटन के अनुसार, दिवेआगर घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च के बीच का समय अनुकूल माना जाता है।

