शाहरुख को जान से मारने की धमकी, मुंबई पुलिस ने दी Y+ सिक्योरिटी

Entertainment Front-Page

मुंबई : बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को मुंबई पुलिस ने Y+ सिक्योरिटी दी है। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस को जानकारी मिली है कि शाहरुख को उनकी फिल्म ‘पठान’ और ‘जवान’ की सफलता से असंतुष्ट कुछ लोगों ने जान से मारने की धमकी दी है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शाहरुख ने खुद इसकी शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षा दी गई है। इस Y+ सिक्योरिटी के अंतर्गत 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर और 5 पुलिसकर्मी वेपन्स के साथ 24 घंटे शाहरुख खान के साथ रहेंगे। अब तक शाहरुख खान की सुरक्षा में मुंबई पुलिस के दो कांस्टेबल हर पल उनके साथ मौजूद रहते थे।

अधिक जानकारी लेने के लिए भास्कर की टीम शाहरुख खान के बंगले मन्नत पहुंची। रोज के मुकाबले वहां कम भीड़ थी। एक्टर के पर्सनल सिक्योरिटी मैनेजर ने बताया कि उन्हें शासन की तरफ से अभी तक Y+ सिक्योरिटी के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। मुंबई पुलिस की तरफ से भी उन्हें कोई खास जानकारी नहीं मिली है।

बड़ी बात यह है कि शाहरुख अपने सुरक्षा कवर के लिए खुद भुगतान करेंगे। इस बात की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि भारत में निजी सुरक्षाकर्मियों को अत्याधुनिक हथियारों से लैस होने की अनुमति नहीं दी जाती है। बहरहाल, यह सिक्योरिटी तब तक ही रहेगी जब तक कमेटी खतरे का रिव्यू नहीं कर लेती।