सड़क हादसे में एक परिवार के 3 सदस्यों की मौत:दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण हादसा,खड़े ट्रॉले से टकराई कार

Rajasthan Rajasthan-Others

बांसवाड़ा:-मध्यप्रदेश के मंदसौर में भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार खड़े ट्रॉले में पीछे से घुस गई। हादसे में बांसवाड़ा की फैमिली के 3 सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हो गए। हादसा बबेलारी गांव (मंदसौर) के पास 8 लेन एक्सप्रेस वे पर सोमवार सुबह हुआ।

बताया जा रहा है कि कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम थी। कार की रफ्तार तेज थी। ऐसे में सड़क पर खड़े ट्रॉले का पता नहीं चला और कार खड़े ट्रॉले में घुस गई। ट्रॉले में सीमेंट के कट्‌टे भरे हुए थे।जानकारी के अनुसार- मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष है। महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुरुष की इलाज के दौरान मौत हो गई। 3 लोग घायल हैं। ट्रेलर (RJ33 GA4026) में कार (RJ03 UA4681) पीछे से जा घुसी।हादसे में बांसवाड़ा निवासी रुचि उपाध्याय (55), दीपिका त्रिवेदी (42) की मौके पर मौत हो गई। जबकि गोपेश उपाध्याय (57) ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। मृतक गोपेश और रुचि पति-पत्नी हैं। दीपिका गोपेश के साले की पत्नी है।

वहीं भाविनी उपाध्याय (25), नित्या त्रिवेदी(17) और कार चालक रियाज गंभीर घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज रतलाम (मप्र) रेफर किया गया। वहां से इंदौर रेफर किया गया है। इनमें कार चालक रियाज और नित्या की हालत गंभीर है।

मंदसौर ⁠पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार- सीमेंट से भरे ट्रॉले का टायर पंचर हो गया था। ट्रॉला रोड पर ही खड़ा था। सुबह घना कोहरा था। ऐसे में कार चालक रियाज को खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और कार ट्रॉले में पीछे से जा घुसी।

हरिद्वार में कथा सुनने के लिए गए थे

जानकारी के अनुसार सभी लोग हरिद्वार में महामण्डलेश्वर स्वामी ईश्वरानन्द गिरी महाराज (उत्तम स्वामी) की कथा में शामिल होने के लिए 3 दिन पहले ही गए थे। वापस लौटते वक्त यह हादसा हो गया। गोपेश उपाध्याय शिक्षक और समाजसेवी थे। उनकी पत्नी रुचि गृहिणी थीं और पिछले कई साल से बीमार चल रहीं थीं। दीपिका त्रिवेदी भी शिक्षिका थीं।