सूडान से रेस्क्यू हुए 360 भारतीय दिल्ली पहुंचे:अब तक 561 इंडियन निकाले गए;हर भारतीय को सुरक्षित लाना लक्ष्य:-वी मुरलीधरन

Front-Page International English

नई दिल्ली:-सूडान से निकाले गए 360 भारतीय नागरिक बुधवार रात को नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। भारत के ऑपरेशन कावेरी के तहत इंडियन नेवी और एयरफोर्स ने तीन बैच में 561 लोगों को सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंचा दिया गया है। सूडान में 4 हजार से ज्यादा भारतीय रहते हैं।

इससे पहले, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने लोगों से कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी ने सूडान से सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने का लक्ष्य रखा है।

INS सुमेधा और C-130J एयरक्राफ्ट से निकाले लोग
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत पहले बैच में 278 भारतीयों को नेवी के जहाज INS सुमेधा से सूडान पोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दाह पहुंचाया गया। इसके बाद 148 और 135 भारतीयों को भारतीय वायु सेना के C-130J एयरक्राफ्ट से जेद्दाह लाया गया।

सूडान में अब तक 459 लोग मारे गए
सूडान में तख्तापलट के लिए सेना और पैरामिलिट्री फोर्स (RSF) के बीच 15 अप्रैल को लड़ाई शुरू हुई थी। वर्ल्ड हेल्थ आर्गनाइजेशन (WHO) के मुताबिक, लड़ाई में अब तक 459 लोगों और सैनिकों की मौत हो चुकी है। 4,072 लोग घायल हुए हैं।

सूडान में 72 घंटे का सीजफायर 27 अप्रैल रात 12 बजे तक है। इस दौरान यहां से अन्य देशों को अपने नागरिकों को निकालने का समय है। हालांकि, संघर्ष विराम के बाद भी राजधानी खार्तूम समेत देश के अन्य हिस्सों में झड़पें जारी हैं।

सूडान में आज के अन्य अहम अपडेट्स…

  • सूडान में WHO की प्रतिनिधि का कहना है कि सेना या पैरामिलिट्री ने बीमारियों के सैंपल जमा करने वाली एक लैब पर कब्जा कर लिया है। इससे जैविक खतरे की आशंका बढ़ गई है।
  • मिडिल ईस्टर्न देश साइप्रस ने सूडान में फंसे विदेशी नागरिकों के रेस्क्यू के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन में मदद करने की बात कही है।
  • UN रिफ्यूजी एजेंसी- UNHCR सूडान में रह रहे करीब 2 लाख 70 हजार शरणार्थियों के पलायन की तैयारी कर रहा है। सूडान में सीरिया, यमन जैसे देशों के 10 लाख से ज्यादा शरणार्थी रहते हैं। वहीं, 2021 के बाद से 3 लाख 70 हजार सूडानी नागरिकों ने पड़ोसी देश चाड में शरण ली है।
  • जर्मनी का रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। जर्मन एयर फोर्स ने 600 नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया है। मंगलवार देर रात मिलिट्री का आखिरी एयरक्राफ्ट 120 नागरिकों को लेकर जॉर्डन पहुंचा। यहां से सभी को जल्द जर्मनी एयरलिफ्ट किया जाएगा।