सरदारशहर उपचुनाव में BJP के 40 स्टार प्रचारक तय, पूनिया-वसुंधरा-कटारिया-राठौड़, चारों केंद्रीय मंत्री शामिल, राज्यवर्द्धन-सुमेधानंद नहीं

Politics Rajasthan

Jaipur : बीजेपी ने राजस्थान के चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने 40 स्टार प्रचारक तय कर दिए हैं। इनमें बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का नाम टॉप पर है। दूसरा नाम पूर्व CM और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे का है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया तीसरे नम्बर पर हैं। फिर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर, केंद्रीय चुनाव समिति और प्रदेश कोर कमेटी सदस्य ओम प्रकाश माथुर का नाम है। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को भी प्रचारकों में शामिल किया गया है।

चौंकाने वाली बात यह है कि बीजेपी ने शेखावाटी के तीन में से दो जिलों चूरू और झुंझुनूं के सांसद नरेंद्र कुमार खींचड़ और राहुल कस्वां को तो कैम्पेनर लिस्ट में शामिल किया है। लेकिन सीकर सांसद सुमेधानन्द सरस्वती का नाम लिस्ट से नदारद है।

इसी तरह बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद होने के बावजूद राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ को कैम्पेनर लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है। राज्यवर्द्धन पूर्व केंद्रीय सूचना जनसम्पर्क मंत्री भी रहे हैं। वह राष्ट्रीय पदाधिकारी हैं। राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य जसकौर मीणा को भी प्रचार अभियान का हिस्सा नहीं बनाया गया है।

राजस्थान से चारों केंद्रीय मंत्रियों को इलेक्शन कैम्पेन में शामिल किया गया है। इनमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल और कैलाश चौधरी शामिल हैं।

12 सांसद स्टार कैम्पेनर

4 केंद्रीय मंत्रियों के अलावा 8 सांसद- कनकमल कटारा, राजेंद्र गहलोत, सीपी जोशी, दीया कुमारी, डॉ किरोड़ीलाल मीणा, घनश्याम तिवाड़ी, राहुल कस्वां, नरेंद्र खींचड़ को लिस्ट में शामिल किया गया है।

10 विधायक करेंगे चुनाव प्रचार

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष पूनिया, पूर्व सीएम वसुंधरा, नेता प्रतिपक्ष कटारिया, उपनेता राजेंद्र राठौड़ समेत 10 विधायकों को चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा गया है। लिस्ट में 6 अन्य विधायकों में मदन दिलावर, कैलाश मेघवाल, अभिनेष महर्षि, बिहारीलाल विश्नोई, बलवीर सिंह लूथरा, निर्मल कुमावत के नाम में शामिल हैं।

1 पूर्व विधायक, 1 पूर्व सांसद

पू्र्व विधायक प्रभुलाल सैनी और पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां को भी लिस्ट में जगह दी गई है।

5 राष्ट्रीय पदाधिकारी कैम्पेनर

राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर, राष्ट्रीय सचिव अलका सिंह गुर्जर, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य अरुण चतुर्वेदी लिस्ट में शामिल हैं।

राजस्थान बीजेपी संगठन से 13 पदाधिकारी

चूरू जिलाध्यक्ष धर्मवीर पुजारी, जिला संगठन प्रभारी रामगोपाल सुथार, पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सारण, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मुदेश दाधीच और माधोराम चौधरी, प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अलका मूंदड़ा, प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मिश्रा, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर शामिल हैं। इनके अलावा केशकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मोहन मोरवाल को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *