जापान के भूकंप में अब तक 48 की मौत:1400 लोग बुलेट ट्रेन में फंसे,200 इमारतें जलीं;इशिकावा में एक और भूकंप की चेतावनी

breaking-news-english International

टोक्यो:-जापान के इशिकावा में नए साल के दिन 7.6 की तीव्रता का भूकंप आया। जापान टुडे के मुताबिक इससे अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है, वहां 140 आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए हैं। इनकी तीव्रता 3.4 से 4.6 के बीच रही है।

इशिकावा में भूकंप से कई जगहों पर आग लग गई। इससे 200 इमारतें जलकर खाक हो चुकी हैं। 32,500 घरों में बिजली नहीं है। यहां एक और भूकंप की चेतावनी जारी की गई है।

भूकंप प्रभावित इलाकों में तैनात की जाएगी सेल्फ डिफेंस फोर्स

भूकंप प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद करने के लिए जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स (SDF) के 10 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। SDF को सबसे पहले नोटो इलाके में भेजा जाएगा।

एक लाख लोगों से घर खाली कराए

सोमवार रात जापान की सरकार ने एक लाख लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए। इन्हें सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। हालांकि, सुनामी की चेतावनी वापस लिए जाने के बाद काफी लोग अपने घर लौट रहे हैं।

1400 लोग बुलेट ट्रेन में फंसे

जापान के सरकारी मीडिया हाउस NHK के मुताबिक नोटो में 500 लोग पार्किंग में गाड़ियों में फंसे हुए हैं।

वहीं, वेस्ट जापान रेलवे कॉर्पोरेशन के मुताबिक 1400 लोग बुलेट ट्रेन्स में 11 घंटों से फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने ट्रैक चेक करने के लिए होकुरिकू शहर से तोयामा के बीच बुलेट ट्रेन रोक दी थीं। हालांकि, कुछ ट्रेन फिर से चालू की गई हैं। लेकिन, जापान टाइम्स के मुताबिक ज्यादातर 3 बजे के बाद ही सफर शुरू कर पाएंगी।

नोटो शहर में एयरपोर्ट बंद

जापान में भूकंप के बाद कई ट्रेन, फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं। नोटो इलाके में सबसे ज्यादा तबाही मची है। यहां एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल और एक्सेस रोड को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते यहां से सारी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

जापान से लौटे साउथ के एक्टर जूनियर NTR

जापान के भूंकप के बाद साउथ के एक्टर जूनियर NTR आज भारत लौटे हैं। उन्होंने जापान और भूकंप पीड़ित लोगों की जल्द रिकवरी की कामना की है।

भारतीय दूतावास ने इमरजेंसी कंट्रोल रूम बनाया

भारतीय दूतावास ने भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए इमरजेंसी कंट्रोल रूम बनाया है। सोशल मीडिया प्लटेफॉर्म ‘एक्स’ पर दी गई जानकारी के मुताबिक कोई भी शख्स यहां आकर मदद मांग सकता है। इससे पहले दूतावास ने ई-मेल आईडी और नंबर भी जारी किए थे। ये इस तरह हैं : + 81-80-3930-1715, + 81-70-1492-0049, + 81-80-3214-4734, + 81-80-6229-5382, + 81-80-3214-4722।