जयपुर में स्कूल,रेस्टोरेंट समेत 6 बिल्डिंग सीज:नियमों के विपरीत किया जा रहा था अवैध निर्माण,नोटिस के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाया

Jaipur Rajasthan

जयपुर में शुक्रवार को अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ हेरिटेज नगर निगम ने बड़ा एक्शन लिया है। नगर निगम आदर्श नगर जोन की टीम ने 6 अवैध निर्माणों को सीज किया है। दरअसल, नगर निगम कमिश्नर अभिषेक सुराणा के आदेश के बाद सभी जोन में उपायुक्तों ने अवैध निर्माण को सीज कर ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर युगांतर शर्मा ने बताया- आदर्श नगर जोन अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान के तहत आज 6 स्थानों पर सीज की कार्रवाई की गई है। इससे पहले नगर निगम की टीम द्वारा अवैध निर्माण रोकने और हटाने के लिए इन सभी भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे।

लेकिन निगम के नोटिस के बावजूद जब जब इन बावन मालिकों ने अवैध निर्माण कार्य जारी रखा। उसके बाद आज सीज की कार्यवाही की गई है। ऐसे में अगर समय रहते इन भवन मालिकों ने अपना अवैध निर्माण नहीं हटाया। तो नगर निगम द्वारा भविष्य में अवैध निर्माण ध्वस्त भी किया जाएगा।

नगर निगम द्वारा इन निर्माणों को किया गया सीज

  • आदर्श नगर में बीस दुकान पर स्थित मकान संख्या 437 (रेस्टोरेंट) को सीज किया गया।
  • मीठी कुई के रास्ते में 54, गोटा फ्रेक्ट्री के पास वंडर लैंड स्कूल को सीज किया गया।
  • परकोटे में केजीबी के रास्ते में मकान संख्या 3599 और 5426 में अवैध निर्माण चल रहा था। इसे रोककर निगम की टीम ने आज दोनों भवनों को सीज किया है।
  • आदर्श नगर में मकान संख्या 821 (कमर्शियल एक्टिविटी) को नियमों के विपरीत निर्माण पर सीज किया गया।
  • फतेह टीबा 5A, नाना जी को हवेली पर भी बिना अनुमति बन रही अवैध ईमारत को सीज किया है।

नगर निगम के कमिश्नर अभिषेक सुराणा ने कहा- जयपुर शहर में किसी भी तरह के अवैध निर्माण और अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम द्वारा जोन स्तर पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में जो भी व्यक्ति अवैध अतिक्रमण कर निर्माण करेगा। उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई कर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सीज की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। ताकि भविष्य में वह फिर से अपनी गलती ना दोहराएं।