राजस्थान में 8वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी:परसेंटेज के बजाय मिली ग्रेड,शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर देख सकते हैं परिणाम

Bikaner Rajasthan

बीकानेर:-आठवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी हो गया है। बीकानेर स्थित शिक्षा निदेशालय के हेरिटेज हॉल में शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला निदेशालय में परिणाम घोषित किया। ये परिणाम शिक्षा विभाग की अधिकृत वेबसाइट https://rajshaladarpan.nic.in/Class5th_8thExam/Home/Result.aspx पर घोषित हुआ है।

यहां स्टूडेंट्स को 5वीं/8वीं का टैब मिलेगा। जिस पर क्लिक करने से रिजल्ट देख सकते हैं। फिलहाल आठवीं बोर्ड का रिजल्ट जारी हुआ है।

बता दें कि कुल 13 लाख स्टूडेंट्स में से 12 लाख 33 हजार 702 स्टूडेंट्स पास हुए। इसमें से 95 हजार 226 ने ग्रेड A हासिल की। 4 लाख 74 हजार 924 को ग्रेड B मिली। 5 लाख 76 हजार 784 को ग्रेड C मिली है। वहीं, 86 हजार 770 को ग्रेड D और 86 हजार 777 बच्चे फेल हो गए हैं। वहीं, 2 हजार 438 स्टूडेंट्स का रिजल्ट रोक लिया गया है। इसे बाद में जारी किया जाएगा। कुल परिक्षा परिणाम 94.50 प्रतिशत रहा है।

एग्जाम में सबसे ज्यादा स्टूडेंट जयपुर से 1 लाख 23 हजार 933 शामिल हुए थे। वहीं, सबसे कम स्टूडेंट जैसलमेर जिले 14 हजार 303 रहे।

ग्रेडिंग का फॉर्मूला

जिन स्टूडेंट्स के 86 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक मार्क्स आएं हैं उन्हें ए ग्रेड मिला है। इसी तरह 71 से 85 प्रतिशत अंक पर बी ग्रेड, 51 से 70 प्रतिशत अंक लाने पर सी ग्रेड, 33 से 50 प्रतिशत तक लाने वाले स्टूडेंट्स को डी ग्रेड मिला है। वहीं, 33 प्रतिशत से कम अंक लाने वाले स्टूडेंट्स को ई ग्रेड दिया गया है।

लास्ट सेशन तक आठवीं बोर्ड परीक्षा में कोई भी स्टूडेंट फेल नहीं होता था, लेकिन पिछले सत्र से फेल करने का प्रावधान लागू हो गया। इस बार भी स्टूडेंट्स फेल हो सकते हैं। सप्लीमेंटरी एग्जाम भी होगी।

सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रतिष्ठा दांव पर

राजस्थान में इस बार बड़ी संख्या में सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल्स खोले गए हैं। इन स्कूल्स में आठवीं क्लास भी है। ऐसे में रिजल्ट से पता चलेगा कि स्टूडेंट्स ने कैसी पढ़ाई की है। ऐसे में विभाग की नजर सरकारी स्कूल्स के रिजल्ट पर भी रहेगी।