9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस:सूरत में एक साथ 1 लाख लोगों ने योग किया,लद्दाख से समुद्र में INS विक्रांत तक जवानों ने आसन लगाए

Front-Page Health National

देश में बुधवार को नौवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। सूरत में एक साथ एक लाख लोगों ने योग किया। उधर, भारतीय सेना के अफसरों और जवानों ने कश्‍मीर से कन्‍याकुमारी तक योग किया। राजस्‍थान के रेगिस्‍तान में भी जवानों ने आसन लगाए। इस साल इसकी थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ रखी गई है।

PM मोदी ने अमेरिका से वीडियो संदेश में कहा, ‘योग ग्लोबल स्पिरिट बन गया।’ उधर, नेवी ने इस मौके पर ‘ओशन रिंग ऑफ योगा’ का फॉर्मेशन किया। भारतीय नौसेना के 19 जहाजों पर सवार लगभग 3,500 नौसैनिकों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्रों में योग के राजदूत के रूप में 35000 किमी का सफर तय किया।

बांग्लादेश में चटगांव, मिस्र में सफागा, इंडोनेशिया में जकार्ता, केन्या में मोम्बासा, मेडागास्कर में टोमासीना, ओमान में मस्कट, श्रीलंका में कोलंबो, थाईलैंड में फुकेत, मलेशिया में मलक्का और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में दुबई में पोर्ट कॉल में ये शिप्स मौजूद थे। यहीं से इन्होंने ‘ओशन रिंग ऑफ योगा’ बनाई। इनमें किल्टन, चेन्नई, शिवालिक, सुनयना, त्रिशूल, तरकश, वागीर, सुमित्रा और ब्रह्मपुत्र शिप्स शामिल हैं।

आज शाम 5:30 बजे अमेरिका में योग करेंगे PM मोदी
पिछले आठ साल से PM मोदी देश में लोगों के बीच योग करके योग दिवस मनाते आए हैं। इस बार वे अमेरिका में स्टेट विजिट पर हैं। ऐसे में उन्होंने सुबह वीडियो संदेश जारी करके लोगों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।

PM ने बताया कि जिम्मेदारियों के चलते वे अमेरिका में हैं। वे यहां न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र (UN) हेडक्वार्टर में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम को लीड करेंगे। यह कार्यक्रम यूएन हेडक्वार्टर के उत्तरी लॉन में भारतीय समयानुसार 5:30 बजे होगा। इसमें 177 देशों के प्रतिनिधि भाग ले सकते हैं।

PM मोदी के वीडियो संदेश की प्रमुख बातें…

  • PM ने कहा, ‘हर साल योग दिवस के अवसर पर मैं किसी ना किसी आयोजन में आप सभी के बीच मौजूद रहता हूं। आपके साथ योग करने का आनंद यादगार रहता है। लेकिन विभिन्न जिम्मेदारियों की वजह से मैं अभी अमेरिका में हूं। इसलिए आप सभी से वीडियो संदेश के जरिए जुड़ रहा हूं।
  • मैं अभी आपके बीच योग नहीं कर पा रहा हूं, लेकिन योग करने के कार्यक्रम से भाग नहीं रहा हूं। इसलिए आज भारतीय समयानुसार शाम 5.30 बजे संयुक्त राष्ट्र यानी UN के मुख्यालय में, एक विशाल कार्यक्रम हो रहा है। मैं उसमें शामिल होऊंगा।
  • भारत के आह्वान पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। याद होगा 2014 में UN जनरल असैंबली में योग का प्रस्ताव आया तो रिकॉर्ड देशों ने इसका समर्थन किया। तब से योग एक वैश्विक आंदोलन बन गया है। एक ग्लोबल स्पिरट बन गया है।’

UN महासचिव बोले- योग लोगों को जोड़ता है
योग दिवस से एक दिन पहले UN के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि योग न केवल शरीर और मन को जोड़ता है, बल्कि दुनियाभर के लाखों लोगों को भी जोड़ता है। यह चिंता को कम करता है और मेंटल हेल्थ को बेहतर करने में मदद करता है।