पटियाला के गुरुद्वारे में महिला की हत्या:सरोवर के पास शराब पीती मिली,श्रद्धालु ने 3 गोलियां मारी

Front-Page National

अमृतसर:-पंजाब में पटियाला के गुरुद्वारा में बेअदबी मामले में एक श्रद्धालु ने रविवार रात 10 बजे महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि महिला गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के परिसर में सरोवर के पास शराब पी रही थी। गोलीबारी में एक सेवादार भी घायल हो गया। आरोपी का नाम निर्मलजीत सिंह है और पटियाला का रहने वाला है। वह प्रॉपर्टी डीलर है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस मामले में पटियाला के SSP वरूण शर्मा ने पुष्टि की कि मृतक महिला परविंदर कौर (32) सरोवर के पास बैठकर शराब पी रही थी। वह पहले किसी PG में रहती थी, लेकिन अब उसका कोई पता नहीं है। यह पता चला कि महिला अल्कोहल एडिक्ट थी। वह कल जीरकपुर से बस में बैठकर पटियाला आई थी। जिस रिवॉल्वर से गोली मारी गई, वह लाइसेंसी है। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर रिवॉल्वर रिकवर कर ली गई है।

पहले पूरी घटना के बारे में पढ़िए…

आरोपी ने 5 फायर किए, 3 गोलियां महिला को लगीं
महिला परविंदर कौर (32) सरोवर के पास बैठकर शराब पी रही थी। तभी गुरुद्वारे के कर्मचारियों ने उसे रोकने की कोशिश भी की। वे महिला को गुरुद्वारे के मैनेजर के कमरे में पूछताछ के लिए ले जाने की कोशिश कर रहे थे। तब उसने शराब की बोतल से कर्मचारियों पर हमला किया।

तभी गुरुद्वारे के कर्मचारियों ने उसे रोकने की कोशिश भी की। वे महिला को गुरुद्वारे के मैनेजर के कमरे में पूछताछ के लिए ले जाने की कोशिश कर रहे थे। तब उसने शराब की बोतल से कर्मचारियों पर हमला किया। सेवादार महिला से पूछताछ कर रहे थे कि तभी आरोपी निर्मलजीत वहां आ गया और उसने फायरिंग शुरू कर दी।

निर्मलजीत ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से 5 फायर किए। महिला को तीन गोलियां लगीं, जबकि सेवादार सागर कुमार को भी एक गोली लगी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सागर को रजिंद्रा अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। उसके पेट में गोली लगी है। शुरूआती जांच में यह भी पता चला कि महिला के बारे में पता चलने के बाद आरोपी उसकी हत्या की ताक में था।

कत्ल के बाद सरेंडर किया
अनाज मंडी थाने के SHO ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की रिवाल्वर भी जब्त कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने कत्ल के बाद सरेंडर कर दिया। पुलिस तथ्यों की जांच के लिए CCTV खंगाल रही है।

पूरी घटना पर पटियाला पुलिस ने क्या कहा…
पटियाला के SSP वरूण शर्मा ने कहा- 35-40 साल की उम्र की महिला, गुरुद्वारा साहिब के सरोवर के पास बैठ कर शराब पी रही थी। महिला श्रद्धालुओं व अन्य ने देखा कि वह सरोवर के पास गलत काम कर रही है तो उसे रोकने के लिए वे सभी गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर के पास ले गए।

जब श्रद्धालु मैनेजर के कमरे के पास लेकर गए तो आरोपी ने 5 गोलियां मारी। 3-4 गोलियां महिला को लगी और एक गोली सेवादार सागर को लगी। सागर खतरे से बाहर है। पटियाला पुलिस ने तुरंत आरोपी निर्मलजीत को अरेस्ट कर लिया और रिवॉल्वर भी जब्त कर लिया।

महिला का जो एड्रेस मिला है, वह PG का है। अब वह 2-3 सालों से वहां नहीं रहती। महिला का कोई पारिवारिक सदस्य सामने नहीं आया। जांच में महिला से आदर्श नशा छुड़ाओ केंद्र फैक्ट्री एरिया पटियाला की एक पर्ची मिली। वहां से जांच करने पर पता चला कि इस महिला को अल्कोहल एडिक्शन थी। डॉक्टर ने लिखा है कि वह डिप्रेशन में थी, इसके मूड स्विंग होते थे। इसकी और गहराई से जांच करेंगे।

गोली चलाने वाला निर्मलजीत धार्मिक प्रवृत्ति का इंसान है। सुबह-शाम गुरुद्वारे आता था। उसे पता चला कि महिला गुरुद्वारे की सरोवर के पास आकर शराब पी रही थी। इसलिए गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया। अभी तक हमने जो इन्वेस्टिगेशन की है। सीसीटीवी देखी है, उसमें पता चला कि कल (रविवार) यह लेडी जीरकपुर से बस में अकेले यहां पटियाला पहुंची थी।

चश्मदीद गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी की जुबानी पूरी घटना…
रविवार रात करीब 8.30 बजे एक महिला आई। महिला सरोवर के पास पहुंची तो कुछ बीबियों (महिला श्रद्धालु व सेवादार) का फोन आया। उसने पहले भी कुछ ड्रिंक की हुई थी। सरोवर के पास उसने फिर ड्रिंक शुरू कर दी। छोटी बोतल उसके पास थी। संगत (श्रद्धालुओं) ने देखा और सेवादारनी को बताया।

सेवादारनी ने मौके पर जाकर उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने बोतल से मारने की कोशिश की। रागी सिंह ने हाथ आगे कर रोका तो बोतल उसके हाथ पर लग गई। उसके काफी चोट आई और बीबी को भी चोट आई।

सारी संगत उस महिला को पकड़कर दफ्तर में ले आई। मैं आया, हमारे मैनेजर पहुंचे। हमने थाने में फोन किया तो थाने से पुलिसकर्मी आ गए। वह महिला को पकड़ कर बाहर ला रहे थे तो बाहर एक लड़का खड़ा था। बाहर निकलते ही लड़के ने गोलियां चला दीं। हमारे यहां रोजाना सेवा करता है सागर मल्होत्रा, एक गोली उस बच्चे के भी पेट में लगी। महिला की वहीं पर मौत हो गई। घायल सेवादार को अस्पताल ले गए।

महिला की तलाशी लेने पर उससे जर्दे की पुड़िया भी निकली। पहले हमने उससे पूछताछ की तो कभी वह खुद को पंचकूला तो कभी चंडीगढ़ की बता रही थी। वह कह रही थी कि सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती है।

सेवादार की मां का रो-रो कर बुरा हाल
घायल सेवादार सागर की मां का रो-रो कर बुरा हाल है। सागर की मां ने कहा – मेरा बेटा तो सेवा करने गया था। मुझे और कुछ नहीं पता। वह 5 साल से सेवा कर रहा था। 26-27 साल उम्र है। मेरा बच्चा कैसा है, मुझे नहीं पता वह कैसा है। अभी उसे लेकर गए हैं।

SGPC ने कहा हत्या नहीं, सिख का रोष
इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने कहा कि पटियाला के गुरुद्वारा साहिब में हुई घटना को हत्या नहीं कहा जा सकता। यह सिख का रोष है, जिस वजह से उसने गुरु घर की बेअदबी करने पर महिला को गोली मार दी।

SGPC के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि SGPC कोशिश कर रही है कि गुरुद्वारों के दरवाजों पर कोई ऐसी चीज लगाएं ताकि कोई ऐसी चीजें अंदर लेकर न जा सके। उन्होंने कहा कि जख्मी सेवादार के इलाज का पूरा खर्च SGPC उठाएगी।

आरोपी का कुछ समय पहले ही हुआ पत्नी से तलाक
आरोपी के करीबियों का कहना है कि निर्मलजीत सिंह सैनी का कुछ समय पहले ही पत्नी से तलाक हुआ था। तलाक के बाद से ही वह तनाव में रहता था और रेगुलर गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए आ रहा था।

पंजाब में गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी पर गुस्से से जुड़ी 2 बड़ी घटनाएं

1. 2021 में गोल्डन टेंपल के बेअदबी के आरोपी का कत्ल
दिसंबर 2021 को अमृतसर में गोल्डन टेंपल के गुरुघर में एक आरोपी श्री गुरुग्रंथ साहिब के बिल्कुल करीब पहुंच गया था। उसने बेअदबी का प्रयास किया था। तुरंत सेवादारों ने उसे रोका। यहां संगत गुस्से में आ गई। जिसके बाद आरोपी को वहीं पीट-पीट कर मार दिया गया।

2. बेअदबी के आरोपी की जेल में मौत
अप्रैल 2023 में पंजाब के रोपड़ जिले के मोरिंडा में कोतवाली साहिब गुरुद्वारे में केशधारी युवक ने अंदर घुसकर पाठ कर रहे ग्रंथियों को पीटना शुरू कर दिया। यह घटना सोमवार को रोपड़ जिले के मोरिंडा में हुई।

घटना के बाद गुरुद्वारे में मौजूद लोगों ने बेअदबी करने वाले युवक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर डाली। संगत युवक को घसीटते हुए गुरुद्वारे से बाहर ले गई। कुछ दिनों बाद ही आरोपी की जेल में मौत हो गई थी।