उत्तर-पश्चिमी राज्यों में 46% ज्यादा बारिश:24 घंटे में 19 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान;महाबलेश्वर में चट्‌टान ढहने से रास्ता बंद

Front-Page National

नई दिल्ली:-देश में हफ्ते भर लेट हुए मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अब तक मानसून सीजन में सामान्य से 46 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। देश के पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिम व पश्चिमी राज्यों में 4 दिन मानसून सक्रिय रहेगा।

मंगलवार रात बारिश के चलते महाराष्ट्र के सतारा जिले के महाबलेश्वर में चट्टान ढह गई। इसके चलते महाबलेश्वर-पोलादपुर रास्ते को बंद कराया गया। प्रशासन ने देर रात मलबे को हटाने का काम शुरू किया, जो अब तक जारी है। कल महाबलेश्वर में 72 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

अगले 24 घंटे में 19 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। भारी बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के शिमला में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल में अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती थी।

दो दिन पहले हिमाचल के मंडी जिले में 48 घंटे में लैंडस्लाइड की दो घटनाएं हुईं। इसके चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 दो जगहों पर घंटों बंद रहा। इस रूट पर लगा जाम 20 घंटे बाद खुला। प्रदेश में भारी बारिश के चलते लगभग 301 सड़कें बंद कर दी गई थीं, जिन्हें अब खोल दिया गया है।