दिल्ली-NCR में सुबह से बारिश जारी:महाराष्ट्र, गुजरात समेत 5 राज्यों के लिए अलर्ट;कर्नाटक में बाढ़ की चेतावनी के बाद स्कूल बंद

Front-Page National

नई दिल्ली:-दिल्ली-NCR में बुधवार सुबह से जमकर बारिश हो रही है। राजधानी दिल्ली में मंडी हाउस से लेकर रिंग रोड तक और नोएडा के कई इलाकों में बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है।

कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ की चेतावनी के बाद खतरे वाले क्षेत्रों के सभी स्कूल और कॉलेजों में आज छुट्टी कर दी गई है।

मौसम विभाग ने आज महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

अगले तीन दिन हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा समेत 22 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

उत्तराखंड की 600 किमी लंबी ऑल-वेदर रोड के 250 किमी हिस्से पर भूस्खलन के चलते यातायात बाधित है। बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री में रोजाना 10-15 हजार की बजाय एक हजार श्रद्धालु ही पहुंच रहे हैं।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: झारखंड और मेघालय में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम से जुड़े अन्य अपडेट्स…

  • दक्षिण और तटीय ओडिशा के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मछुआरों को 27 जुलाई तक तट पर न जाने का निर्देश दिया गया है।
  • महाराष्ट्र के राजगढ़ में भारी बारिश की आशंका के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। 26 जुलाई को सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई है।
  • बाढ़ की चेतावनी के कारण अधिकारियों ने तटीय कर्नाटक में स्कूलों, कॉलेजों में आज छुट्टी की घोषणा कर दी है।