अशोक गहलोत ने खाली किया सीएम आवास, कहा – भजनलाल से ज्यादा तो एक उपमुख्यमंत्री की चल रही

Jaipur Politics Rajasthan

Jaipur : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने करीब 3 महीने बाद शुक्रवार को सीएम आवास खाली कर दिया। गहलोत आज सिविल लाइन स्थित बंगला नंबर 49 में शिफ्ट हो गए हैं। इस दौरान गहलोत ने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुझे आज तक कभी बंगला खाली करने के लिए नहीं कहा। उन्होंने मुझसे कहा- आप बंगले में आराम से रहिए। मुझे जल्दी नहीं है। गहलोत ने मीडियाकर्मियों से कहा- मेरे प्रवेश के साथ, मैंने आपका भी यहां प्रवेश करवा दिया। कांग्रेस सरकार ने गुड गवर्नेंस के साथ काम किया था। जिस प्रकार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने झूठा प्रचार किया। 5 लाख और 50 लाख की झूठी बात कही गई। हमारी सरकार चली गई और बीजेपी सरकार आ गई। पिछले ढाई महीने से लग ही नहीं रहा कि प्रदेश में कोई सरकार है। कार्यकारी मुख्यमंत्री तो सीएस सुधांश पंत बने हुए हैं। चर्चा यह भी है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से ज्यादा तो सरकार में एक उपमुख्यमंत्री की चल रही है।

गहलोत ने कहा- गलत खून चढ़ाने से युवक की मौत हो गई। इनमें कोई संवेदनशीलता नहीं है। किसी को सस्पेंड करना काफी नहीं है। उस परिवार को 25 लाख से 50 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए थी।

पूर्व सीएम ने कहा- जो पार्टी से जाना चाहते हैं, वह जल्दी चले जाएं। हम भी कंफ्यूज रहते हैं। ये जाएंगे या नहीं जाएंगे। जिन लोगों का मन नहीं लग रहा है। वह जा सकते हैं। जिन पर ईडी, सीबीआई का दबाव है। वह जाएंगे ही। जो लोग जा रहे हैं, उसके बाद नई पीढ़ी तैयार हो रही है।