भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार की नाकामी को जनता के बीच ले जा रहे हैं राहुल गांधी : विभाकर शास्त्री

Jaipur Politics Rajasthan

Jaipur :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही  भारत जोड़ो यात्रा अब अपने तय समय से 3 दिन पूर्व ही राजस्थान में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा अब 6 दिसंबर की बजाए 3 दिसंबर को प्रदेशके झालावाड़ में प्रवेश करेगी, जहां पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा।

भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया प्रभारी विभाकर शास्त्री ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में  पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा 3 दिसंबर को राजस्थान में प्रवेश करेगी और झालावाड़, कोटा, दौसा, अलवर होते हुए आगे निकल जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तकरीबन 21 दिन तक भारत जोड़ो यात्रा रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नेता नहीं होता है। अगर कोई नेता बड़ा मानता है तो वह पार्टी से चला जाए । 

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत में भारत यात्रियों की संख्या 117 थी जो अब बढ़कर 5000 तक पहुंच गई है। कांग्रेस का जोड़ने वाला हर युवा कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ पूरी यात्रा में चलने के लिए लालायित है। लोगों का जन समर्थन भी अच्छा मिल रहा है। बेंगलुरु कोर्ट ने भारत जोड़ो यात्रा का टि्वटर हैंडल ब्लॉक किया है हम अपना आवेदन लेकर जाएंगे।

भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया प्रभारी विभाकर शास्त्री ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के जरिए राहुल गांधी केंद्र सरकार की नाकामियों को जनता के बीच लेकर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में अमीर और गरीब का भेदभाव बढ़ गया है। गरीब और गरीब हो रहा है और अमीर और अमीर हो रहा है, उन्होंने कहा कि केंद्र में 8 साल से सत्ता में बैठी मोदी सरकार देश की संपत्तियों को बेचने का काम कर रही है और यह तमाम संपत्तियां एक ही व्यक्ति खरीद रहा है। 8 साल पहले जिस व्यक्ति की चर्चा तक नहीं होती थी वो व्यक्ति 8 साल में दुनिया का दूसरा सबसे अमीर व्यक्ति बन गया। 

भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया प्रभारी दिवाकर शास्त्री ने कहा कि एक फिल्म अभिनेता के बेटे के पास 5 ग्राम ड्रग्स मिल जाती है तो पूरे देश में हंगामा हो जाता है लेकिन गुजरात के बंदरगाह पर 500 किलो ड्रग्स मिलती है उस पर कोई चर्चा नहीं होती है।

अलवर के मालाखेड़ा में होगी राहुल गांधी की जनसभा: डोटासरा 

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का का फाइनल रूट चार्ट एक-दो दिन में तय हो जाएगा। अलवर के मालाखेड़ा में राहुल गांधी की एक विशाल जनसभा होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई गुटबाजी नहीं है, सभी लोग एकजुट हैं, भारत जोड़ो यात्रा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित  सभी नेता और कार्यकर्ता एक साथ चलेंगे। डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं के दम पर सरकार बनी थी और कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप ही राजस्थान में गुड गवर्नेंस चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *