हिमाचल में बादल फटा, लैंडस्लाइड से 1 की मौत:80 सड़कें बंद;UP में बेतवा,MP में नर्मदा उफान पर,आज 15 राज्यों में अलर्ट

Front-Page National

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में रविवार देर रात तेज बारिश हुई। इसके बाद कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुईं। चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर पहाड़ दरकने से 1 शख्स की मौत हो गई। वहीं, 3 लोग घायल हो गए।

राज्य में अलग-अलग जगह लैंडस्लाइड के कारण फिलहाल 80 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। इसके अलावा किन्नौर जिले में बादल भी फटा है। इससे इलाके में तेज बारिश हो रही है। लोगों के घरों में पानी घुस आया है।

उधर उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बारिश से बाढ़ जैसे हालत हैं। राजघाट बांध के 8 और माताटीला बांध के 20 गेट ​​खोले गए हैं। इसके चलते बेतवा नदी उफान पर आ गई। नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 7% ज्यादा बारिश हो चुकी है। यहां नर्मदा नदी उफान पर हैं। कोलार, बरगी, सतपुड़ा समेत कई डैम के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार 29 जुलाई को 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।