शेख हसीना को छोड़कर मिलिट्री प्लेन बांग्लादेश लौटा:प्रदर्शनकारी छात्रों की घोषणा-अंतरिम सरकार के चीफ एडवाइजर होंगे नोबेल विजेता मोहम्मद यूनुस

Breaking-News International

बांग्लादेश में हिंसा के बीच भारत पहुंचीं शेख हसीना का मिलिट्री प्लेन मंगलवार सुबह हिंडन एयरबेस से बांग्लादेश लौट गया है। विमान में हसीना मौजूद नहीं थीं। दरअसल, प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद शेख हसीना सोमवार (5 अगस्त) को भारत पहुंची थीं। वे लंदन या फिनलैंड जा सकती हैं।

हसीना के खिलाफ 2 महीने से जारी प्रदर्शन में सोमवार को जमकर हिंसा हुई थी। हसीना इसके बाद ढाका से अगरतला के रास्ते भारत पहुंची थीं। हिंडन एयरबेस पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने उनसे करीब एक घंटे बातचीत की।

इधर, बांग्लादेश के आर्मी चीफ जनरल वाकर-उज-जमान ने अंतरिम सरकार बनाने की बात कही है। शेख हसीना के सबसे बड़े आलोचकों में शामिल नोबेल विजेता मुहम्मद यूनुस इस सरकार के चीफ एडवाइजर होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स में पहले उनके प्रधानमंत्री बनने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के 7 सबसे बड़े अपडेट…

  • राष्ट्रपति ने जेल में बंद पूर्व PM और विपक्षी नेता खालिदा जिया को रिहा करने का आदेश दिया। उन्हें 2018 में भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में 17 साल की सजा सुनाई गई थी।
  • प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री आवास में दाखिल हुए। तोड़फोड़ और आगजनी की।
  • राजधानी ढाका में 4 लाख लोग सड़कों पर उतर आए, जगह-जगह तोड़फोड़ की।
  • पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में सोमवार को 6 लोग मारे गए। प्रदर्शनकारियों ने 2 हाईवे पर कब्जा किया। अब तक 300 लोगों की जान गई है। इनमें ज्यादातर छात्र हैं।
  • भारत में BSF ने पश्चिम बंगाल, मेघालय, त्रिपुरा, असम और मिजोरम से लगी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अलर्ट बढ़ा दिया।
  • बांग्लादेश की आर्मी ने देश की प्रमुख पार्टियों के नेताओं के साथ बैठक की। 18 सदस्यीय अंतरिम सरकार प्रस्तावित की गई।
  • भारत ने बांग्लादेश जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी हैं। एअर इंडिया और इंडिगो ने भी ढाका जाने वाली सभी फ्लाइट्स कैंसिल कर दीं।