कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस,3 लाख डॉक्टर हड़ताल पर:कॉलेज प्रिंसिपल का इस्तीफा;वारदात के बाद आरोपी घर गया,कपड़े धोकर सबूत मिटाए

Front-Page National

कोलकाता के RG कर अस्पातल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर की घटना को लेकर देशभर के 3 लाख रेजिडेंट डॉक्टर्स आज हड़ताल पर हैं। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने घटना की ट्रांसपेरेंट जांच के लिए इस हड़ताल का ऐलान किया है।

FORDA के जनरल सेक्रेटरी डॉ. सर्वेश पांडे ने कहा- स्वास्थ्य मंत्रालय में हेल्थ सेक्रेटरी को हमने अपनी मांगें बताई हैं। जब तक हमें मांगें पूरी करने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता तब तक हम हड़ताल जारी रखेंगे। हम चाहते हैं कि मामले की CBI जांच हो। ट्रायल फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चले। डॉक्टर्स की सुरक्षा के लिए सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट बनाया जाए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी संजय ने 8 अगस्त की रात को वारदात से पहले शराब पी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद संजय अपने घर जाकर सो गया था। अगली सुबह जब वह उठा तो उसने सबसे पहले सबूत मिटाने के लिए अपने कपड़े धोए। पुलिस को उसके जूते पर खून के धब्बे भी मिले।

RG कर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर डॉ. संदीप घोष ने सोमवार सुबह इस्तीफा दे दिया है। घटना वाली रात हॉस्पिटल में 4 डॉक्टर ड्यूटी पर थे। पुलिस ने सोमवार को इन सभी डॉक्टर्स को समन भी जारी किया है।

देशभर में प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स

  • दिल्ली के भी प्रमुख सरकारी अस्पतालों में आज से सभी वैकल्पिक सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद की गई हैं। RML अस्पताल की डॉक्टर पल्लवी ने कहा- घटना के लिए जिम्मेदार लोगों सजा होनी चाहिए। अस्पताल की अधिकारियों को तुरंत रिजाइन करना चाहिए।
  • महाराष्ट्र के डॉक्टर्स भी हड़ताल कर रहे हैं। BMC के महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स ने कहा है कि कोलकाता की घटना को लेकर 13 अगस्त को सुबह 8 बजे से नॉन इमरजेंसी सेवाएं अनिश्चित काल के लिए बंद कर दी जाएगी।

ट्रेनी डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट, आंख से खून बह रहा था, 7 पॉइंट में समझिए पूरा घटनाक्रम

  • 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर रात को 2 बजे अपने 2 जूनियर्स के साथ डिनर करने के बाद हॉस्पिटल के सेमिनार हॉल गई थी। सुबह 6 बजे उसकी अर्धनग्न बॉडी मिली।
  • पुलिस ने बताया ट्रेनी डॉक्टर का रेप के बाद मर्डर किया गया। घटना सुबह 3 बजे से 6 बजे के बीच हुई। CCTV में आरोपी संजय 4 बजे सेमिनार हॉल में जाते दिखा।
  • अटॉप्सी रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेनी डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट, आंखों और मुंह से खून बह रहा था। चेहरे और नाखून पर चोट के निशान थे।
  • उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाहिने हाथ और होठों पर भी चोट के निशान थे। उसकी गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई थी।
  • पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के सेक्शन 103 (1) हत्या और सेक्शन 64 (बलात्कार) के तहत केस दर्ज किया और माना कि यह रेप और हत्या का मामला है।
  • स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने भी 3 मेंबर्स का जांच पैनल बनाया है।
  • घटना के बाद मेडिकल स्टूडेंट्स, भाजपा, कांग्रेस और वाम दलों ने अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने CBI जांच की मांग की है।

ब्लूटूथ ईयरफोन से पकड़ाया था आरोपी संजय
पुलिस ने बताया कि क्राइम सीन पर एक ब्लूटूथ ईयरफोन भी मिला था। CCTV फुटेज में आरोपी संजय सुबह 4 बजे सेमिनार हॉल में अंदर जाते दिखाई दिया। इस दौरान उसने कानों में ईयरफोन लगाया हुआ था। कुछ देर बाद जब वह हॉल से बाहर आया तो उसके पास ईयरफोन नहीं था।

इसके बाद संजय समेत कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस ने क्राइम सीन पर मिले ईयरफोन को सभी संदिग्धों के फोन से कनेक्ट करने की कोशिश की। ईयरफोन संजय के फोन से कनेक्ट हो गया। पूछताछ के दौरान संजय ने रेप और मर्डर की बात कबूली

राज्य सरकार ने कॉलेज में नया मेडिकल सुपरिंटेंडेंट नियुक्त किया
पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रोफेसर डॉ. बुलबुल मुखोपाध्याय को आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज का नया मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और वाइस-प्रिंसिपल नियुक्त किया है। डॉ. मुखोपाध्याय फिलहाल कॉलेज में फिजियोलॉजी की प्रोफेसर हैं।

उन्होंने पूर्व मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और वाइस-प्रिंसिपल की जगह ली है, जिन्हें रविवार को सस्पेंड किए जाने के बाद कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज में फिजियोलॉजी के प्रोफेसर के तौर पर ट्रांसफर किया गया है।