भाजपा विधायक ने दी इस्तीफे की धमकी:डीग में अंबेडकर की प्रतिमा खंडित की;बोलते-बोलते रोने लगीं नौक्षम चौधरी

Bharatpur Rajasthan Rajasthan-Others

भरतपुर(डीग):-डीग में गुरुवार सुबह किसी ने अंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर दी। गुस्साए लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया और रोड जाम किया। मामला कामां थाना इलाके में कामां-जुरहरा रोड पर अंबेडकर पार्क का है। 

मौके पर पहुंचीं कामां विधायक नौक्षम चौधरी ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए इस्तीफे की धमकी दी है। बीजेपी विधायक ने कहा- असामाजिक तत्व अगर शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक गिरफ्तार नहीं हुए तो इस्तीफा दे दूंगी।

एडिशनल एसपी सतीश यादव ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित कर दी गई हैं। आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं और न ही किसी ने आरोपियों को घटना को अंजाम देते हुए देखा है।

प्रतिमा खंडित मिली तो हुआ हंगामा, विधायक ने शांत कराया
गुरुवार सुबह 3 से 5 बजे के बीच असामाजिक तत्वों ने ईंट-पत्थर मारकर प्रतिमा का हाथ खंडित कर दिया। लोगों को पता चला तो भीड़ जमा हो गई। सुबह 10 बजे अंबेडकर सर्किल पर जाम लग गया।

विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कामां बस स्टैंड के आसपास के व्यापारियों ने दुकानें नहीं खोलीं। लोगों ने टायर जलाकर कामां-जुरहरा रोड को जाम कर दिया। नारेबाजी शुरू हो गई।

सूचना पर एडिशनल एसपी सतीश यादव, SDM सुनील कुमार, कामां थाना और जुरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद कामां विधायक नौक्षम चौधरी भी वहां पहुंचीं और लोगों को शांत किया।

मामले में जल्द सख्त कार्रवाई हो
विधायक नौक्षम चौधरी ने कहा- समाज की बेटी होने के नाते मैं अपील करती हूं कि धैर्य से अपनी बात रखें। बाबा साहब ने ही लोकतंत्र की व्यवस्था दी। सब तरह के अधिकार दिए। उनके साथ आज 75 साल बाद ऐसा बर्ताव हो रहा है।

यहां पुलिस के अधिकारी भी हैं और एसडीएम भी हैं। इस मामले में जल्द से जल्द और कठोर कार्रवाई हो। हमारे लिए आज काला दिवस है। कल (21 अगस्त) भारत बंद था। एससी-एसटी समाज ने शांति से अपनी बात रखी। इसके 24 घंटे बाद ही यह देखना पड़ रहा है।

झूठा आश्वासन मंजूर नहीं होगा
नौक्षम चौधरी ने कहा- मैं यहां विधायक के रूप में या भाजपा नेता के रूप में नहीं बोल रही हूं। प्रशासन 24 घंटे में कार्रवाई करे, वरना ये समाज चुप नहीं बैठेगा। मैं समाज के लिए हूं। (यह कहते हुए आंसू पोंछने लगीं।)

नौक्षम ने कहा- हमारे मान-सम्मान पर वार किया गया है। 24 घंटे में अगर प्रशासन ने साथ नहीं दिया तो आपके कहने से पहले ही इस्तीफा दे दूंगी। कल (शुक्रवार) 12 बजे तक अगर मांगें नहीं मानीं या हमें झूठा आश्वासन दे दिया तो आपको कहने की जरूरत नहीं होगी।

मैं समाज के साथ हूं। आपको दोबारा कहने की जरूरत नहीं। मजबूती से प्रशासन इस मामले को देखे। सरकार से भी निवेदन है कि इतनी बड़ी घटना हुई है। इसे संजीदा रूप से लिया जाए। समाज चाहता है कि निष्पक्ष रूप से काम किया जाए।

पार्क में धरने पर बैठे लोग
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुछ लोग अंबेडकर पार्क में ही धरने पर बैठ गए। फिलहाल धरना जारी है। अंबेडकर पार्क में पुलिस का जाब्ता तैनात है।