राजनैतिक नियुक्तियों पर सरकार का यू-टर्न:निकायों में 550 पार्षदों की नियुक्ति के आदेश को किया रद्द; एक दिन पहले ही की थी नियुक्ति

Jaipur Rajasthan

राज्य में भजनलाल सरकार ने एक दिन पहले प्रदेश के 78 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका) में की गई राजनैतिक नियुक्तियों (पार्षदों के मनोनयन) पर यू-टर्न ले लिया है। स्वायत्त शासन निदेशालय ने कल यानी 13 अक्टूबर को इन निकायों में 550 पार्षद नियुक्त किए थे, जिनके आदेश को आज रद्द कर दिया। हालांकि नियुक्ति किस कारण रद्द की गई, इसके पीछे प्रशासनिक कारण बताया है, लेकिन सियासी हलको में चर्चा है कि बीजेपी के ही कई पदाधिकारी (स्थानीय स्तर के) इन नियुक्ति से संतुष्ट नहीं थे।

स्वायत्त शासन निदेशालय के निदेशक कुमार पाल गौतम ने ही 13 अक्टूबर को आदेश जारी करते हुए 78 निकायों में 550 पार्षदों की नियुक्ति की थी। लेकिन रात करीब 1 बजे इन आदेशों को वापस रद्द किया गया।

सियासी हलकों में चर्चा का विषय

नियुक्तियां देकर कुछ ही घंटों में वापस छीनने का मामला सियासी हलकों में चर्चा शुरू हो गई। कुछ लोग इस निर्णय के पीछे बीजेपी की अंदरूनी सियासत को जिम्मेदार मान रहे है। बताया जा रहा है कि विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक और जिला अध्यक्ष के अलावा स्थानीय स्तर पर पार्टी के पदाधिकारी इन नियुक्तियों से संतुष्ट नहीं थे। इस असंतोष को देखते हुए सरकार ने फैसला तुरंत वापस ले लिया।

नए सिरे से हो सकती है एक्सरसाइज

सूत्रों का कहना है- अब इन नियुक्तियों पर नए सिरे से एक्सरसाइज की जाएगी। इसमें स्थानीय स्तर से सुझाव और नाम लेने के बाद निर्णय किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसमें थोड़ा वक्त लग सकता है, जिसके बाद ही नए सिरे से नियुक्ति के आदेश जारी किए जा सकते है।

इन निकायों में की थी नियुक्तियां

नगर पालिका (नपा) : राजगढ़ (अलवर), खेड़ली, कठूमर, रैणी, लक्ष्मणगढ़ (अलवर), बड़ौदामेव, रामगढ़ (अलवर), नौगांवा, गोविंदगढ़, थानागाजी, बहादुरपुर, मालाखेड़ा, उनियारा, देवली, श्रीडूंगरढ़, नोखा, खाजूवाला, देशनोक, शाहपुरा, सागवाड़ा, विजयनगर, रायसिंह नगर, गजसिंहपुर, केसरीसिंहपुर, श्रीकरणपुर, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, सादड़ी, बाली, जैतारण, सुमेरपुर, तखतगढ़, सोजत शहर, भीनमाल, बूंदी, इंद्रगढ़, नैंनवा, केशवारायपाट, लाखेरी, देई, हिंडौली, कापरेन, बाड़ी, राजाखेड़ा, सरमथुरा, बसेड़ी, छापर, रतनगढ़, बीदासर, तारानगर, रतन नगर, सिकराय, भाण्डारेज, बसवा, बांदीकुई, रामगढ़ पचावारा, मंडावरी, मंडावर, महुवा, कांमा और नदबई।

नगर परिषद : टोंक, गंगानगर, अनूपगढ़, जालौर, सांचौर, धौलपुर, सरदारशहर, राजलदेसर, दौसा और लालसोट।

नगर निगम : पाली, जोधपुर दक्षिण, जोधपुर उत्तर, उदयपुर और भरतपुर।