राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा,राज्यपाल-विधायक के बीच तीखी नोकझोंक

Jaipur Rajasthan

राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने बीच में बोलना शुरू किया, जिस पर राज्यपाल ने भी कड़े लहजे में जवाब दिया। विधानसभा में राज्यपाल और विधायक के बीच बहस का यह संभवतः पहला मामला है।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जल जीवन मिशन घोटाले ने राजस्थान की साख को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने ईआरसीपी (अब राम जल सेतु) परियोजना में देरी के लिए भी कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

राज्यपाल बागडे ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान जल जीवन मिशन में गड़बड़ियों के कारण राजस्थान की छवि खराब हुई, जबकि मौजूदा सरकार इस योजना को तेजी से लागू कर रही है। उन्होंने पूर्वी राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) को भी कांग्रेस सरकार द्वारा राजनीतिक कारणों से रोके जाने का आरोप लगाया।

राज्यपाल ने बताया कि मौजूदा सरकार ने इस परियोजना का नाम बदलकर ‘राम जल सेतु’ कर दिया है और मध्य प्रदेश सरकार के साथ इसका एमओयू भी किया गया है। कोटा जिले में नोनेरा बांध का निर्माण अक्टूबर 2024 में पूरा कर लिया गया है, जिसे PKC परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।