राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष फिर बने मदन राठौड़

Front-Page Jaipur Rajasthan

राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ को एक बार फिर राजस्थान भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। सात महीनों में यह दूसरी बार है जब पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति की घोषणा चुनाव प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने की। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रदेशाध्यक्ष के साथ ही 25 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ, जो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में भाग लेंगे।

इससे पहले, प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में मदन राठौड़ के अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया था, जिससे उनका दोबारा निर्विरोध अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था।

मदन राठौड़ को पहली बार 26 जुलाई 2024 को प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया था और उन्होंने करीब सात महीने तक इस पद की जिम्मेदारी निभाई। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल पहले ही संगठन की बैठकों में संकेत दे चुके थे कि राठौड़ ही इस पद के लिए चुने जाएंगे।