भारत ने रोका चिनाब नदी का पानी,सिंधु जल संधि सस्पेंड होने के बाद कड़ा कदम

Front-Page National

भारत ने पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच सिंधु जल संधि को सस्पेंड करने के बाद एक बड़ा कदम उठाया है। जम्मू के रामबन ज़िले में स्थित बागलिहार बांध से चिनाब नदी का पानी रोक दिया गया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अब केंद्र सरकार कश्मीर स्थित किशनगंगा बांध के जरिए झेलम नदी का प्रवाह रोकने की योजना पर भी काम कर रही है।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में और अधिक तल्खी आ गई है। हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह से अपने निवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। इससे पहले शनिवार को उन्होंने नौसेना प्रमुख से मुलाकात की थी।

इस हमले को लेकर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि प्रधानमंत्री ऐसा ठोस कदम उठाएंगे कि पाकिस्तान भारत में घुसकर किसी को मारने से पहले सौ बार सोचेगा।”

इसी बीच, पंजाब पुलिस ने अमृतसर से दो जासूसों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम कर रहे थे और भारत के सैन्य ठिकानों की जानकारी और तस्वीरें विदेश भेज रहे थे। पुलिस ने बताया कि दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

भारत के इन फैसलों को रणनीतिक रूप से देखा जा रहा है, जो पाकिस्तान को जल संसाधनों और सुरक्षा मामलों में कड़ा संदेश देने की कोशिश माने जा रहे हैं।