जयपुर:शिक्षा मंत्री को रिश्वत देने पहुंचे शिक्षक को हिरासत में लिया गया

Jaipur Rajasthan

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को कथित तौर पर रिश्वत देने की कोशिश करने वाले एक सरकारी शिक्षक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह मामला सोमवार को उस वक्त सामने आया जब बांसवाड़ा जिले में कार्यरत शिक्षक चंद्रकांत वैष्णव जयपुर स्थित मंत्री आवास पर जनसुनवाई में शामिल हुआ।

बताया जा रहा है कि चंद्रकांत वैष्णव ने शिक्षा मंत्री को एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (RSCERT) की पाठ्यक्रम समिति में शामिल करने का अनुरोध किया। इसी दौरान उसने मिठाई का डिब्बा और एक लिफाफा भी सौंपा, जिसमें ₹5,000 नकद थे।

मंत्री को जब लिफाफे पर शक हुआ और उन्होंने उसे खोलकर देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस ने शिक्षक को मौके से हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि “सरकारी व्यवस्था में रिश्वत की कोई जगह नहीं है। योग्यता और मेहनत के आधार पर ही व्यक्ति को मौका मिलना चाहिए, न कि पैसों के बल पर।”

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चंद्रकांत वैष्णव बांसवाड़ा जिले के घाटोल ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बुधा में पदस्थापित हैं। वह पाठ्यपुस्तक लेखन में खुद को शामिल करवाना चाहते थे और इसी मंशा से उन्होंने यह प्रयास किया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।