जयपुर के ‘द पैलेस’ स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी,पुलिस ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन

Jaipur Rajasthan

राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। यह मेल जलेब चौक स्थित सिटी पैलेस के पास मौजूद ‘द पैलेस’ स्कूल को भेजा गया था।

धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस, एटीएस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और पूरे स्कूल परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी अभियान के बाद स्कूल से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

धमकी के बाद अलर्ट मोड पर आई सुरक्षा एजेंसियां

माणक चौक के एसीपी पीयूष कविया ने बताया कि ईमेल मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचित किया गया। स्कूल परिसर की अच्छी तरह तलाशी ली गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

गौरतलब है कि ‘द पैलेस’ स्कूल, सिटी पैलेस और गोविंददेवजी मंदिर, जंतर-मंतर, हवा महल जैसे पर्यटक स्थलों के नज़दीक है। इन इलाकों में देसी और विदेशी सैलानियों की बड़ी आवाजाही रहती है। ऐसे में इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी थी।

दमकल और एसडीआरएफ भी मौके पर तैनात

एहतियातन स्कूल के आसपास दमकल की गाड़ियां, एम्बुलेंस और एसडीआरएफ की टीमों को भी तैनात किया गया था। हालांकि जांच पूरी होने के बाद कोई भी खतरा सामने न आने पर प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली।

जयपुर में पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब जयपुर में बम धमाके की धमकी दी गई हो। इससे पहले सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर मेट्रो और मेट्रो स्टेशन सहित दो अलग-अलग कोर्ट परिसरों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हर बार की तरह इस बार भी जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन लगातार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।