ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश और उतार-चढ़ाव भरा रहा। स्टंप्स तक भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए, जबकि करुण नायर 52 और वॉशिंगटन सुंदर 19 रन बनाकर नाबाद लौटे।
नायर ने करीब 9 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में अर्धशतक लगाया। पिछली बार उन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ ही 303* रन की पारी खेली थी।
गुरुवार को इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। शुरुआती दो सेशन बारिश की भेंट चढ़े, जिसमें सिर्फ 29 ओवर का खेल हो पाया। इस दौरान भारत के तीन बल्लेबाज आउट हो चुके थे।
तीसरे सेशन में साई सुदर्शन (38), रवींद्र जडेजा (9) और ध्रुव जुरेल (19) सस्ते में लौटे, लेकिन करुण नायर और वॉशिंगटन सुंदर ने संभलकर खेलते हुए 50 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
इससे पहले शुभमन गिल (21), केएल राहुल (14) और यशस्वी जायसवाल (2) भी रन बनाने में असफल रहे। इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन और जोश टंग ने दो-दो विकेट लिए, जबकि क्रिस वोक्स को एक सफलता मिली।
शुभमन गिल ने रचा इतिहास
गिल अब एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने सुनील गावस्कर (732 रन) का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 743 रन बना लिए हैं। इसके अलावा, वे इंग्लैंड में किसी भी विदेशी कप्तान द्वारा सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं, इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज़ के गैरी सोबर्स (722 रन, 1966) को पीछे छोड़ा।
बारिश ने दो बार रोका खेल
ओवल मैदान पर मौसम ने बार-बार खेल में खलल डाला। पहले सत्र में जल्दी लंच लेना पड़ा, वहीं टी-ब्रेक भी बारिश के कारण जल्दी लेना पड़ा। खेल रात 9:15 बजे दोबारा शुरू हुआ।
टीमें इस प्रकार रहीं:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: ओली पोप (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथल, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जैमी ओवर्टन, जोश टंग।

