सीतामढ़ी में अमित शाह और नीतीश कुमार ने जानकी मंदिर का भूमिपूजन किया,शाह ने विपक्ष पर बोला हमला

Front-Page National

सीतामढ़ी, बिहार — केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सीतामढ़ी में माता जानकी मंदिर के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मंच पर मौजूद रहे।

भारी बारिश के बीच हुए इस आयोजन में गृहमंत्री शाह ने मंदिर की पहली ईंट रखी। बताया गया कि मंदिर का निर्माण लगभग 882 करोड़ रुपये की लागत से 50 एकड़ में किया जाएगा। यह मंदिर 156 फीट ऊंचा होगा, जो अयोध्या में बन रहे राम मंदिर से 5 फीट छोटा होगा। निर्माण में राजस्थान से मंगवाया गया बलुआ पत्थर इस्तेमाल होगा।

‘भारत में जन्मे न हों तो वोट का अधिकार नहीं’: शाह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने “SIR” (Selective Identification and Removal) का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “जो भारत में जन्मा नहीं है, उसे वोट देने का अधिकार नहीं होना चाहिए।”

शाह ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों का वोट बैंक “घुसपैठिए” हैं, और इसी कारण वे SIR के विरोध में हैं। उन्होंने लालू प्रसाद यादव से सवाल किया कि “किसको बचाना चाहते हैं?” और आरोप लगाया कि बांग्लादेश से आकर लोग बिहार के युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं।

‘बनिए का बेटा हूं, हिसाब रखता हूं’

तेजस्वी यादव द्वारा मिथिलांचल को लेकर उठाए गए सवालों पर जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा, “मैं बनिए का बेटा हूं, हिसाब-किताब रखना जानता हूं।” उन्होंने राजद के शासनकाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस दौर में केवल गुंडई और अपहरण का बोलबाला था।

शाह ने लालू यादव को सार्वजनिक तौर पर पुनौराधाम में खुली बहस की चुनौती भी दी — कि वे वहां आकर NDA सरकार द्वारा किए गए कामों की तुलना अपने शासनकाल से करें।

‘हमने पाकिस्तान में घुसकर मारा’

अपने भाषण में शाह ने “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह NDA सरकार ही थी जिसने पहलगाम हमले का बदला लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में आतंकी हमले के बाद कोई कार्रवाई नहीं होती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने “पाकिस्तान में घुसकर मारा।”

शाह ने कहा, “लालू एंड कंपनी को मालूम नहीं है कि ये नरेंद्र मोदी की सरकार है। देश की सुरक्षा से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

‘बिहार में NDA की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी’

अमित शाह ने दावा किया कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में NDA को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद बिहार का दौरा कर रहे हैं, जबकि वे स्वयं “संगठन की मीटिंग” कर रहे हैं।

जानकी मंदिर निर्माण में अयोध्या से लाई गई ईंट

जानकी मंदिर के भूमिपूजन को खास बनाने के लिए आयोजकों ने 21 तीर्थ स्थलों की मिट्टी और 11 नदियों का जल मंगवाया। अयोध्या के हनुमान गढ़ी से विशेष ईंट भी लाई गई थी। मंदिर परिसर को नेपाल के फूलों से सजाया गया, जो जानकी (सीता माता) की जन्मस्थली जनकपुर (नेपाल) से सांस्कृतिक संबंध को दर्शाता है।

अमृत भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद गृहमंत्री शाह ने समस्तीपुर से दिल्ली के लिए एक नई अमृत भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। इस दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अयोध्या में पूजा की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं।