यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर लंबी बातचीत की। सोशल मीडिया मंच X पर जानकारी साझा करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि चर्चा में द्विपक्षीय सहयोग और वैश्विक कूटनीति पर विस्तार से बात हुई। उन्होंने पीएम मोदी को रूस के हालिया हमलों, खासकर जापोरिझिया के बस स्टेशन पर बमबारी में दर्जनों लोगों के घायल होने की जानकारी दी।
जेलेंस्की ने भारत से रूस पर प्रतिबंध लगाने और तेल आयात सीमित करने की अपील की, ताकि युद्ध को बढ़ाने की उसकी क्षमता कम हो सके। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान सितंबर में पीएम मोदी से व्यक्तिगत मुलाकात की इच्छा जताई।
इससे पहले जेलेंस्की ने कहा था कि रूस को किसी भी हाल में यूक्रेन का “दूसरा बंटवारा” नहीं करने दिया जाएगा। उनके मुताबिक, युद्ध का अंत न्यायपूर्ण शांति और मजबूत सुरक्षा ढांचे के साथ होना चाहिए।
पीएम मोदी ने हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी फोन पर बात की थी और भारत-रूस संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी। पुतिन इस साल के अंत में भारत दौरे पर आएंगे।
भारत, चीन के बाद रूसी तेल का सबसे बड़ा खरीदार है और 2023 से अब तक प्रतिदिन औसतन 17-20 लाख बैरल तेल रूस से आयात कर रहा है। यह मुद्दा भी अमेरिका और भारत के बीच हालिया व्यापार तनाव का केंद्र रहा है।
रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ था और हाल के महीनों में अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पहल पर शांति वार्ता को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हुई है, हालांकि क्षेत्रीय नियंत्रण और सुरक्षा गारंटी पर मतभेद अब भी बरकरार हैं।

