राजस्थान: रीट-2018 और रीट-2022 में धांधली,121 शिक्षक मुकदमे में नामजद

Jaipur Rajasthan

राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जांच कर रही एसओजी की एसआईटी ने रीट-2018 और रीट-2022 शिक्षक भर्ती मामलों में शिकंजा कसते हुए 121 शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

राज्य सरकार ने पिछले पांच साल में हुई सभी भर्तियों की जांच के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए थे। विभाग की आंतरिक जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद यह कार्रवाई हुई।

एसओजी के डीआईजी परिस देशमुख ने बताया कि एसआईटी के गठन के बाद जारी हेल्पलाइन नंबर पर बड़ी संख्या में शिकायतें मिलीं। इनमें डमी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठाने और फर्जी प्रमाण पत्र के जरिए नौकरी पाने के आरोप शामिल थे।

शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसओजी ने मुख्य सचिव से विभागवार जांच टीम बनाने का आग्रह किया। इसके बाद कार्मिक विभाग ने सभी भर्तियों में फर्जी डिग्री और डमी अभ्यर्थियों की जांच के आदेश दिए।

प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर की रिपोर्ट के आधार पर दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं—एक रीट-2018 और दूसरा रीट-2022 से जुड़ा। जांच में पाया गया कि कई मामलों में परीक्षा देने वाले और नौकरी कर रहे व्यक्ति के फोटो और हस्ताक्षर मेल नहीं खाते। वहीं, कई शिक्षकों की डिग्रियां और प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए।

पहली रिपोर्ट में 49 और दूसरी रिपोर्ट में 72 शिक्षकों के नाम शामिल हैं। एसओजी अब इन मामलों की गहन जांच कर रही है और आरोप साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।