हरियाणा के अंबाला छावनी में बन रही राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) की शाखा अगले 18 महीनों में तैयार होने की उम्मीद है। प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने उन्हें पत्र भेजा है।
करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह शाखा 4 एकड़ से अधिक भूमि पर तैयार की जा रही है। हाल ही में सीपीडब्ल्यूडी को 1.39 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। विज के मुताबिक, शाखा में विभिन्न बीमारियों पर अनुसंधान के साथ-साथ टेस्ट की भी सुविधाएं होंगी।
इस सुविधा से हरियाणा समेत दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू, पंजाब और राजस्थान के मरीजों को भी लाभ मिलेगा। एनसीडीसी शाखा का निर्माण इसलिए अंबाला में किया जा रहा है क्योंकि यह शहर हवाई, रेलवे और सड़क मार्ग से बेहतर जुड़ा हुआ है।
अंबाला छावनी में अटल कैंसर देखभाल केंद्र, सिविल अस्पताल और तीन मेडिकल कॉलेज भी मौजूद हैं, जहां से नियमित नमूने लिए जा सकेंगे। विज ने कहा कि पहले चरण का काम शुरू हो चुका है और एनसीडीसी के मानकों के मुताबिक लैब बनाने का काम सीपीडब्ल्यूडी कर रही है।

