जैसलमेर, 30 अगस्त।
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, महिला एवं बाल विकास तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को जैसलमेर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जैसलमेर और बाड़मेर ज़िलों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की धीमी गति और लापरवाही पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए साफ कहा कि सरकार की योजनाओं और परियोजनाओं में ढिलाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सकारात्मक रिपोर्ट के बावजूद ज़मीनी स्तर पर विपरीत स्थिति मिली तो अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होगी। साथ ही, किसी भी परियोजना के पूर्ण होने पर शिलान्यास और उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करना अनिवार्य बताया।
पर्यटन विभाग की चर्चा में दिया कुमारी ने जैसलमेर को पर्यटन की नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए PPP मोड पर डेज़र्ट एडवेंचर टूरिज्म विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए शहर में साइनज लगाने और ऐतिहासिक इमारतों के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से एस्कॉर्ट साथ रखने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जर्जर और मरम्मत योग्य आंगनबाड़ी केंद्रों को तुरंत पास के स्कूल या सामुदायिक भवन में शिफ्ट किया जाए, ताकि बच्चों और महिलाओं को परेशानी न हो। सभी योजनाओं और रिपोर्टों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाने के भी निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य हर विभाग में पारदर्शिता और गति लाना है, ताकि जनता को समयबद्ध तरीके से विकास के परिणाम मिल सकें।
बैठक में जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, बाड़मेर प्रत्याशी दीपक कड़वासरा, शिव प्रत्याशी स्वरूप सिंह खारा , जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

