एशिया कप के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 16वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज़ किया। इससे पहले टॉस के समय भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था।
पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान (40 रन) और शाहीन अफरीदी (33 रन) को छोड़कर बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 3, जबकि जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए।
भारत की जीत में ओपनर अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव 47 रन बनाकर नाबाद लौटे। सूर्या और तिलक के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी अहम रही।
इस जीत के साथ भारत ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया है और उसके सुपर-4 में जाने की राह आसान हो गई है। वहीं पाकिस्तान के लिए अगला मैच ‘करो या मरो’ वाला होगा, जहां उसे यूएई के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

