राजस्थान सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 222 अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। इस बदलाव में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और प्रमुख विभागों से जुड़े कई अहम पदों पर नए अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति में वाणिज्य कर विभाग के अतिरिक्त आयुक्त मोहन दान रत्नू को मुख्यमंत्री के ओएसडी का पद दिया गया है। वहीं, अशोक कुमार योगी को वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा का विशिष्ट सहायक (SA) बनाया गया है।
चर्चित अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां
- पुष्कर मित्तल – हाईवे घूसकांड में पिंकी मीणा के साथ पकड़े गए अधिकारी को बहाली के बाद झालावाड़ जिले के मनोहरथाना में एसडीएम बनाया गया है।
- पंकज ओझा – खाद्य सुरक्षा विभाग में छापों से चर्चा में आए अफसर को गौ-पालन निदेशक नियुक्त किया गया।
- आशु चौधरी – खान विभाग की संयुक्त सचिव से स्थानांतरित होकर राजस्थान यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार बनाई गईं।
- अशोक कुमार – देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त से स्थानांतरित होकर महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय, उदयपुर के रजिस्ट्रार बने।
- सुरेश कुमार नवल – जयपुर में राजस्व अपील अधिकारी से स्थानांतरित होकर भरतपुर विकास प्राधिकरण के सचिव बनाए गए।
संयुक्त सचिव स्तर पर बदलाव
दिनेश कुमार जांगिड़ (पशुपालन), असलम शेर खान (अल्पसंख्यक मामलात), नरेंद्र कुमार बंसल (जयपुर नगर निगम ग्रेटर), आनंदीलाल वैष्णव (गृह विभाग), और अरविंद सारस्वत (खान विभाग) सहित कई संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
जयपुर नगर निगम ग्रेटर में फेरबदल
अतिरिक्त आयुक्त सीमा कुमार को स्थानीय निकाय विभाग में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह नरेंद्र कुमार बंसल को नई जिम्मेदारी दी गई है।
हाईवे घूसकांड का आरोपी फिर सेवा में
पूर्व दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल, जिन्हें 2021 में एसीबी ने 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा था, अब चार साल बाद सेवा में बहाल कर पोस्टिंग दी गई है। जबकि उनके साथ पकड़ी गईं पिंकी मीणा अब भी निलंबित चल रही हैं।

