कोटा/बूंदी, 23 सितंबर — बूंदी के मल्टीपरपज स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत किया गया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बूंदी के खेल संकुल में विधायक एवं संभागीय खेल संयोजक कल्पना देवी के साथ बैडमिंटन खेलकर महोत्सव का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में बिरला ने कहा कि “जब ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे तो पूरा क्षेत्र गौरवान्वित होगा।” उन्होंने इसे खेलो इंडिया अभियान और फिट इंडिया मूवमेंट को गति देने की दिशा में अहम पहल बताया।
खेल महोत्सव की संभागीय संयोजक और लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली से जोड़ने का प्रयास है।
इस मौके पर कोटा-बूंदी के संयोजक विशाल शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

