शेखावत पेरिस में फ्रांस की संस्कृति मंत्री से मिले,विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र पर बनी सहमति

International National

पेरिस, 26 सितंबर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत शुक्रवार को फ्रांस पहुंचे। पेरिस में उनकी मुलाकात फ्रांस की संस्कृति मंत्री रशीदा दाती से हुई। दाती ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान शेखावत पारंपरिक जोधपुरी सूट में नजर आए, जिसने भारत की सांस्कृतिक पहचान को विशेष रूप से उभारा।

बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और फ्रांस के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को और गहरा करने पर जोर दिया। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में पेरिस में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना, वर्ष 2026 में प्रस्तावित भारत–फ्रांस नवाचार वर्ष तथा ‘नमस्ते फ्रांस’ महोत्सव के अगले संस्करण का आयोजन शामिल रहा।

शेखावत ने बैठक के बाद कहा कि फ्रांस की संस्कृति मंत्री से मिलकर खुशी हुई। हमने विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, नवाचार वर्ष और नमस्ते फ्रांस महोत्सव पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने कहा कि संस्कृति हमारी दीर्घकालिक मित्रता का आधार है, और हम इसे नए आयाम देंगे।

शेखावत ने कहा कि यह महत्वपूर्ण संवाद दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा देगा। आने वाले वर्षों में भारत–फ्रांस संबंधों में न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान, बल्कि नवाचार और रचनात्मक सहयोग भी नए मुकाम तक पहुंचने की संभावना है।