बाड़मेर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का अल्प प्रवास,नागाणा धाम में किए दर्शन

Rajasthan Rajasthan-Others

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत रविवार को बाड़मेर के अल्प प्रवास पर रहे। जोधपुर से सड़क मार्ग द्वारा पहुंचे शेखावत ने रानी गांव में आयोजित शोकसभा में शामिल होकर स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।

बाड़मेर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मंत्री शेखावत का जोरदार स्वागत किया। चौहटन चौराहे और सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं ने साफा और फूलमालाओं से अभिनंदन किया। जन्मदिन के अवसर पर केक काटा गया और शुभकामनाएं दी गईं।

शेखावत ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन सरकार’ राजस्थान के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी उत्पादों के अधिक उपयोग’ जैसे अभियानों पर भी विस्तार से चर्चा की।

शाम को केंद्रीय मंत्री कल्याणपुर स्थित नागाणा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां नागणेची माता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दर्शन के बाद शेखावत जोधपुर के लिए रवाना हुए।