जल जीवन मिशन में पिछली सरकार के दौरान कागज़ों तक सीमित रहे नल,भजनलाल सरकार ने धरातल पर काम कर जनता को दी राहत:जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी

Jaipur Rajasthan

जयपुर 09 अक्टूबर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जन जीवन मिशन के बारे में मूंह ही ना खोले तो बेहतर होगा। उनकी सरकार के मंत्री तो जेजेएम घोटाले में जेल में बंद हैं। अगर उन्होनें फाईलों में नल नहीं लगाये होते, तो आज उनके करीबी जेल नहीं जाते। चौधरी ने गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि ‘तुम्हारी फाईलों में गांवों का मौसम गुलाबी था, मगर ये आंकडे झूठे था और ये दावा किताबी था।’ जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि भजनलाल सरकार जल जीवन मिशन के तहत धरातल पर कार्य करते हुए आमजन को राहत पहुंचा रही है।
चौधरी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में केवल छोटी परियोजनाएं ही मुख्य रूप से क्रियान्वित की गई थी। इनमें ना केवल पारदर्शिता का अभाव था, बल्कि गुणवत्ता की भी बड़ी शिकायतें थी। साथ ही क्रियान्वित परियोजनाओं में घरों में दिए गए कनेक्शनों में पर्याप्त गुणवत्तापूर्ण पेयजल की आपूर्ति प्रमुख समस्या के रूप में उभरी थी, जिससे जनता में व्यापक आक्रोश भी उत्पन्न हुआ। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा लगभग 20 हजार करोड़ खर्च करने के बाद भी आधे से अधिक घरों में गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया था। उन्होने कहा कि भजनलाल सरकार द्वारा प्रभावी कार्य योजना बनाकर सभी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है और सभी कार्यों में पारदर्शिता बरती जा रही है। इसके साथ ही, पूर्व में कार्यरत कार्मिकों और 1050 नए तकनीकी संविदाकर्मी के साथ योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण पेयजल वितरण सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि भजनलाल सरकार के कार्यकाल में 7507 गावों में 100 प्रतिशत नल कनेक्शन प्रदान किये गये हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में केवल 5027 गावों में ही 100 प्रतिशत नल कनेक्शन प्रदान किये गये थे। इसी प्रकार हमारी सरकार के कार्यकाल में 5 ब्लॉक्स में 100 प्रतिशत नल कनेक्शन प्रदान किये गये हैं। वहीं गत सरकार के समय में किसी भी ब्लॉक्स में 100 प्रतिशत नल कनेक्शन प्रदान नहीं किये गये थे।
उन्होनें कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में 5897 गावों में हर घर जल कनेक्शन रिपोर्ट किये गये, जबकि पूर्व सरकार के कार्यकाल में 3360 गावों में हर घर जल कनेक्शन रिपोर्ट किये गये। इसी प्रकार राज्य सरकार के कार्यकाल में 3530 गावों में हर घर जल कनेक्शन प्रमाणित किये गये, जोकि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में 1519 गावों तक ही सीमित था।