फलौदी,16 अक्टूबर। जिला कलक्टर श्वेता चौहान गुरुवार को लोहावट उपखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आंगनवाड़ी केंद्र जालोडा का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं जांची। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा वितरण कक्ष का जायजा लिया और केंद्र में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिए कि दवाइयों को स्टॉक रजिस्टर में व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि मरीजों की देखभाल और रिकॉर्ड प्रबंधन व्यवस्थित रूप से किया जाएं । जिला कलक्टर ने चिकित्सक कक्ष, टीकाकरण कक्ष, स्टोर रुम सहित केंद्र के अन्य कक्षों का निरीक्षण किया।
आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण दौरान जिला कलक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्था तथा बच्चों को वितरित होने वाले पोषण आहार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कुपोषण की सेम और मेम श्रेणी के बच्चों की जानकारी लेते हुए बच्चों की उपस्थिति, बच्चों को मिलने वाले नाश्ता, मध्यान्ह भोजन, दूध आदि के वितरण की स्थिति देखी।
ग्रामीण सेवा शिविर दयाकोर व जागुबना में जांची व्यवस्थाएं:-
जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत दयाकोर व जागुबना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण करते हुए आमजन को योजनाओं से लाभान्वित करने तथा लंबित कार्यों के त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आमजन के प्रकरणों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए।

