जयपुर — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य प्रशासन को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि सभी लोक सेवक अपने पद की गरिमा बनाए रखें और जनता के प्रति जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने जोर दिया कि सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को अपने आचरण में पदानुसार अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में ईमानदारी, निष्पक्षता, सहिष्णुता, करुणा, समर्पण, जवाबदेही और पारदर्शिता जैसे मूल्य अनिवार्य हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही लोकसेवक का पहला दायित्व है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या पद के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार के इस रुख को प्रशासनिक अनुशासन और सुशासन को मज़बूती देने वाला कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस निर्देश को प्रदेश में शासन व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाने की दिशा में अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।

