प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इस वर्ष का प्रकाश पर्व दिवाली, सभी के जीवन में नई रोशनी लेकर आया है। त्योहारों के बीच स्थायी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र मिलने से त्योहार की प्रसन्नता और रोजगार की सफलता- दोनों की खुशी मिलती है। मोदी ने बताया कि यह प्रसन्नता आज देश भर के 51,000 से अधिक युवाओं को प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री ने उनके परिवारों को इससे मिलने वाली असीम प्रसन्नता की बात की और नियुक्ति पाने वाले सभी युवकों और उनके परिवार के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उनके जीवन की इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
मोदी ने नवनियुक्त युवाओं में उत्साह, कड़ी मेहनत की क्षमता और पूरे हुए सपनों से उपजे आत्मविश्वास को रेखांकित करते हुए कहा कि जब यह भावना राष्ट्र सेवा के जुनून के साथ जुड़ जाती है, तो उनकी सफलता व्यक्तिगत उपलब्धि से बढ़कर देश की सफलता बन जाती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की नियुक्तियां केवल सरकारी नौकरियां नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के अवसर हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नियुक्त व्यक्ति निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे और भारत के भविष्य के लिए बेहतर व्यवस्थाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त लोगों से ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र को न भूलने और सेवा व समर्पण की भावना को कायम रखते हुए काम करने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा, “पिछले 11 वर्षों से राष्ट्र एक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।” उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि युवा सशक्तिकरण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवा भारतीयों की आकांक्षाओं को पूरा करने का एक सशक्त माध्यम बन गए हैं और हाल के दिनों में इन मेलों के माध्यम से 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। मोदी ने कहा कि ये प्रयास केवल सरकारी नौकरियों तक ही सीमित नहीं हैं। सरकार ने साढ़े तीन करोड़ युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लक्ष्य के साथ ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ आरंभ की है। उन्होंने कहा कि कौशल भारत मिशन जैसी पहल युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, जबकि राष्ट्रीय करियर सेवा जैसे मंच नए अवसरों से जोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मंच के माध्यम से 7 करोड़ से अधिक रिक्तियों की जानकारी युवाओं के साथ साझा की जा चुकी है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए एक बड़ी पहल- ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ की घोषणा की, जो उन उम्मीदवारों को अवसर प्रदान करता है जो संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की अंतिम सूची में तो पहुंच गए थे, लेकिन चयनित नहीं हुए। उन्होंने बल देकर कहा कि उनके प्रयास व्यर्थ नहीं जाएंगे, क्योंकि निजी और सार्वजनिक दोनों संस्थान अब इस पोर्टल के माध्यम से इन प्रतिभाशाली व्यक्तियों से जुड़ रहे हैं। मोदी ने कहा कि युवा प्रतिभाओं का यह अधिकतम उपयोग विश्व को भारत की युवा क्षमता का प्रदर्शन कराएगा।
मोदी ने यह रेखांकित करते हुए कि जीएसटी बचत उत्सव ने त्योहारों के मौसम को समृद्ध बनाया है, देश भर में जीएसटी दरों में कटौती जैसे महत्वपूर्ण सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का प्रभाव उपभोक्ता बचत से कहीं अधिक है, क्योंकि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार रोजगार के अवसरों का भी विस्तार कर रहे हैं। जब रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होती हैं, तो मांग बढ़ती है; मांग बढ़ने से उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला में तेज़ी आती है; और कारखानों में उत्पादन बढ़ने से रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। इसलिए जीएसटी बचत उत्सव एक रोज़गार उत्सव में भी बदल रहा है। प्रधानमंत्री ने धनतेरस और दिवाली के दौरान हुई रिकॉर्ड तोड़ बिक्री का उल्लेख किया, जिसमें नए रिकॉर्ड बने और पुराने रिकॉर्ड टूट गए, जिससे पता चलता है कि किस प्रकार जीएसटी सुधारों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र और खुदरा व्यापार पर इन सुधारों के सकारात्मक प्रभाव का उल्लेख किया, जो अब विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग और वितरण में रोजगार के नए अवसर सृजित कर रहे हैं।
जयपुर और जोधपुर में भी रोजगार मेले का आयोजन
जयपुर और जोधपुर में भी डाक विभाग की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जयपुर में आयोजित रोजगार मेले को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि रोजगार मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का महत्वपूर्ण कदम है। युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। हमारे पास ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार की कोई कमी नहीं है। भारत के युवा केवल भविष्य नहीं बल्कि देश की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मिलना देश के विकास का प्रतीक है। सरकार युवाओं को नौकरी के साथ सेवा और योगदान का अवसर प्रदान कर रही है। डाक विभाग देश के सबसे पुरानी और विश्वासनीय विभागों में से एक है। डाक विभाग ने डिजिटल इंडिया की ओर कदम बढ़ाया है। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा (जयपुर शहर), सांसद घनश्याम तिवारी (राज्यसभा), विधायक गोपाल शर्मा (सिविल लाइंस) ने भी अपने विचार साझा किए।
डाक विभाग के चीफ पोस्टमास्टर जनरल (CPMG) कर्नल सुशील कुमार ने कहा कि ‘रोजगार मेला’ में, जयपुर से, कुल 17 विभागों में 407 युवा देश के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी नई यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। डाक विभाग (DOP) से 16, रेलवे के 50, गृह मंत्रालय (MHA) के अंतर्गत CRPF (92), ITPB (27), और BSF (12) जैसे महत्वपूर्ण बलों में 131 युवा, हिन्दुस्तान कॉपर (93), श्रम विभाग (44), CBIC (1), CBDT (13), Narcotics (7), Defence Estate (2), और GSI (9) जैसे अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली युवा नियुक्त हो रहे हैं। 243 अभ्यर्थी शारीरिक रूप से और 164 अभ्यर्थी आभासी रूप से इस कार्यक्रम से जुड़कर अपनी नई भूमिका के लिए तैयार हैं।
जोधपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि रोजगार मेला जिसके माध्यम से चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। पूरे देश में 40 स्थानों पर आयोजन हुआ। नियुक्ति देने कि प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है। इसके माध्यम से युवाओं कि प्रतिष्ठा बढ़ी है। सभी सेवा को अपना श्रेष्ठ कार्य माने। जीवन में उन्नति मिले समय पर आगे बढ़े । सभी को अपना व्यवहार बेहतर करना चाहिए। युवाओं को रोजगार मिलने से सभी का स्तर बढ़ता है लेकिन सेवा जीवन का मूल मंत्र होना चाहिए। सरकार ने चयन प्रक्रिया को मजबूत किया है। इस अवसर पर 88 अभियार्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत व अन्य अतिथि व विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारीगण भी मौजूद रहे।

