रामगंजमंडी।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की प्रेरणा से रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा की दिशा में एक नई पहल की गई है। पदमाराम कुलरिया चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से एक आधुनिक एंबुलेंस भेंट की गई, जिसमें सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस एंबुलेंस का संचालन कोटा स्टोन स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, रामगंजमंडी द्वारा किया जाएगा, जो जरूरतमंदों को आपात स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराएगी।
रामगंजमंडी में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने संयुक्त रूप से एंबुलेंस की चाबी एसोसिएशन अध्यक्ष नरेंद्र काला और पदाधिकारियों को सौंपी।
एंबुलेंस में आधुनिक चिकित्सा उपकरण जैसे स्ट्रेचर, ऑक्सीजन सिलेंडर, फर्स्ट एड किट, आवश्यक दवाइयां, ब्लड प्रेशर मशीन, थर्मामीटर, स्टेथोस्कोप, हार्ट मॉनिटर (ECG) और डिफिब्रिलेटर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस पहल को समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताते हुए कहा कि इससे आमजन को आपातकालीन स्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता मिलेगी। उन्होंने ट्रस्ट और एसोसिएशन के सदस्यों को बधाई दी और समाज के अन्य वर्गों से भी ऐसे जनहित कार्यों में आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक यतीश अग्रवाल, सचिव अखलेश मेडतवाल, उपाध्यक्ष दिनेश डपकरा, कोषाध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष शैलेश काला सहित नगर के उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

