अरावली से छेड़छाड़ नहीं होने देंगे,पूर्व सीएम गहलोत बताएं किसने बदली परिभाषा:केवल हल्ला और अफवाह फैला रहे हैं — मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

Jodhpur Rajasthan

जयपुर, 26 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर अरावली पर्वत श्रृंखला को लेकर दिए गए बयानों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तो अरावली क्षेत्र में भाटा, रेता तक नहीं छोड़ा। किसने वर्ष 2002-03 और 2009-10 में अरावली की परिभाषा बदली? कितने पट्टे अरावली क्षेत्र में जारी किए? वे केवल झूठी बातें ही करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अरावली के साथ कोई छेड़-छाड़ नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को अफवाह फैलाने के अलावा कुछ नहीं आता हैं। हम सीएए (नागरिकता संशोधन अधिनियम) लेकर आए तो, इन्होंने हल्ला मचाया और अफवाह फैलाई। लेकिन हमारी सरकार ने इसे लागू किया। विस्थापितों को पट्टे भी दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि संविधान बदल दिया जाएगा। वे एसआईआर पर भी प्रश्न उठाते हैं। क्या वे घुसपैठियों के समर्थक हैं? हम एक भी घुसपैठिएं को नहीं रहने देंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ट्विट मास्टर बन रहे हैं। उनका जादू चल गया, और नहीं चलने वाला है। जो बोया है, वो काटना ही पड़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘न खाउंगा और न खाने दूंगा’ बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अगर किसी ने खा लिया तो वापस भी आएगा।