कोटा में राज्य स्तरीय कृषि ज्ञान महोत्सव,हजारों महिलाओं की भागीदारी

Kota Rajasthan

राजस्थान के कोटा में कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कृषि ज्ञान महोत्सव में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव में महिलाओं की अहम भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि महिलाएं प्रशासन, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, सुरक्षा और कृषि सहित कई क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं। कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रिसीजन फार्मिंग, इंटीग्रेटेड फार्मिंग और फसल विविधीकरण जैसी तकनीकों के उपयोग से किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने विश्वविद्यालय से हाड़ौती क्षेत्र में लहसुन और धनिया के उत्पादन, प्रसंस्करण और मार्केटिंग को लेकर कार्ययोजना तैयार करने का आह्वान किया।

कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. विमला डूंकवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को केंद्र में रखकर काम करेगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने कई महिलाओं को कृषि उद्यमिता से जोड़ा है और महोत्सव के दौरान नवाचारी महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि मेले में आई महिलाओं से कृषि संबंधी सुझाव लेकर संवाद स्थापित किया गया, जिसका उपयोग कृषि विज्ञान केंद्रों की आगामी योजनाओं में किया जाएगा। महोत्सव में फूड प्रोसेसिंग, नेचुरल फार्मिंग, ड्रोन तकनीक, सूक्ष्म सिंचाई और उन्नत बीजों सहित विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनी भी लगाई गई।