पुडुचेरी में 2700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन,पीएम मोदी ने ‘BEST पुडुचेरी’ विजन दोहराया

Front-Page National

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुडुचेरी में 2700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और शहरी विकास से जुड़े काम शामिल हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में जीवन की गुणवत्ता सुधारना और आर्थिक विकास को गति देना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘BEST पुडुचेरी’ का मंत्र—बिज़नेस, एजुकेशन, स्पिरिचुअलिटी और टूरिज्म—पिछले साढ़े चार वर्षों में विकास और सुशासन के रूप में परिणाम दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुडुचेरी में प्रति व्यक्ति आय और सामाजिक प्रगति सूचकांक में सुधार हुआ है।

प्रधानमंत्री ने तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने पर जोर देते हुए एनआईटी कराईकल में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और आधुनिक छात्रावास सुविधाओं का उल्लेख किया, साथ ही पांडिचेरी विश्वविद्यालय में बुनियादी ढांचे के उन्नयन की भी बात कही।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए सस्ती और सुलभ इलाज की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने पुडुचेरी को संभावित मेडिकल टूरिज्म हब बताते हुए जिपमर के रीजनल कैंसर सेंटर के आधुनिकीकरण और पीएम-एबीएचआईएम के तहत क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स की आधारशिला का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कनेक्टिविटी, स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन, जल आपूर्ति, सीवेज प्रबंधन और आवास से जुड़ी परियोजनाएं ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाएंगी। उनके मुताबिक, सड़क, फ्लाईओवर और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी परियोजनाएं पर्यटन, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देंगी।

भाषण के दौरान उन्होंने युवाओं को देश की विकास यात्रा की नींव बताते हुए उनके सपनों को समर्थन देने की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ पुडुचेरी के समग्र विकास पर काम जारी रहेगा।