राजस्थान में लंबे समय से फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी मादक पदार्थ तस्कर को एक विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई होली की पूर्व संध्या पर की गई, जब आरोपी अपने साथियों के साथ पार्टी कर रहा था।
विकास कुमार(आईजी, एएनटीएफ) ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक के निर्देशन में चलाए गए ‘ऑपरेशन मोना रिटर्न’ के तहत टीम ने बाड़मेर में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी जसराज उर्फ जस्सी को दबोचा। उसके कब्जे से एक अत्याधुनिक पिस्टल, 55 जिंदा कारतूस, करीब 10 लाख रुपये से अधिक नकदी, 440 ग्राम अफीम का दूध और लग्जरी वाहन बरामद किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पिछले 15-20 वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और कई मामलों में वांछित था। वर्ष 2024 में गिरफ्तारी के बाद वह अंतरिम जमानत पर बाहर आया, लेकिन दोबारा फरार हो गया। इसके बाद उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बताया जाता है कि आरोपी हर सफल खेप के बाद जश्न मनाने की आदत रखता था। इसी दौरान उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने पर टीम ने रणनीति बनाकर पार्टी स्थल पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने हथियार निकालने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तुरंत काबू में कर लिया।
इस संयुक्त कार्रवाई में एक अन्य वांछित आरोपी नारायण राम को भी गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने कहा कि इस अभियान में शामिल टीमों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना को साझा करें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

