राजस्थान में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ ने तीन बड़े अभियानों के तहत कई इनामी तस्करों को गिरफ्तार किया है। एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि इन अभियानों ने अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।
उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन जिंजर लायन’, ‘ऑपरेशन मधुबन’ और ‘ऑपरेशन मेघदूत’ के तहत कार्रवाई करते हुए पंजाब, मध्यप्रदेश और गुजरात से जुड़े वांछित आरोपियों को पकड़ा गया। ये आरोपी लंबे समय से फरार थे और उन पर इनाम घोषित था।
पहले अभियान में एएनटीएफ ने पंजाब के एक इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया, जो पाकिस्तान सीमा के पास से हेरोइन तस्करी में शामिल था। दूसरे अभियान में मध्यप्रदेश निवासी आरोपी को पकड़ा गया, जो तस्करों को सुरक्षित रास्ते उपलब्ध कराने में मदद करता था। वहीं तीसरे अभियान में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था।
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार के अनुसार, इन अभियानों के जरिए तस्करी के संगठित नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पूछताछ में कई अन्य बड़े तस्करों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।
एएनटीएफ ने आमजन से भी अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़े किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत साझा करें, ताकि इस तरह के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

