मेड़ता में 77.58 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात:उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया ऐलान, रेण आरओबी से अजमेर–बीकानेर यातायात होगा सुगम

Rajasthan Rajasthan-Others

नागौर,9 अप्रैल। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेण में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर लगभग 77.58 करोड़ की लागत की दो सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं एक परियोजना का शिलान्यास किया ।
उप मुख्यमंत्री के स्वागत में आयोजित धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आप की भी जिम्मेदारी है कि सरकार की दिशा में कदम से कदम मिलाकर काम करते हुए प्रदेश को आगे बढ़ाने में सहयोग करें। इस दौरान उन्होंने जनसभा में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी को खुश होना चाहिए कि आपके लिए संसद में भी आरक्षण मिलने वाला है। इसके लिए महिलाओं को दिवाली मनानी चाहिए, उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम मिलकर प्रयास करेंगे। उन्होंने मातृशक्ति को वंदन करते हुए कहा कि आपके लिए बहुत अच्छा अवसर आने वाला है।उन्होंने महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर आभार भी जताया। इस दौरान उन्होंने आमजन व मेड़ता विधायक की मांग पर विभिन्न ग्रामीण सड़कों का निर्माण करवाने का भी आश्वासन देते हुए कहा कि वे विकास कार्यों में अपना शत प्रतिशत योगदान देंगी ।उन्होंने कहा कि मेड़ता में पैनोरमा का काम बेहतरीन तरीके से होगा।
उन्होंने कहा की आज ऐसा लग रहा है कि पुरानी यादें ताजा हो गई,जनता के बीच वही सम्मान, वही आशीर्वाद है, जिससे मैं अपने आप को सौभाग्यशाली समझती हूं। इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी समय में भी खूब विकास कार्य किए जाएंगे।

विकास कार्यो से यातायात होगा सुगम
उन्होंने कहा कि रेण में अजमेर- बीकानेर के राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर 870 मीटर लम्बे व 15 करोड़ की लागत से बने ओवरब्रिज से अजमेर, मेड़ता, नागौर व बीकानेर के आमजन को जाम से राहत मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने मेड़ता सिटी-गोटन-आसोप के बीच 42.50 करोड़ की लागत से बनी 34 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। वहीं उन्होंने डांगावास से कुड़की के बीच 10.08 करोड़ की लागत से बनी 9.80 किलोमीटर सड़क के चौड़ाई एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण तथा बेदावड़ी खुर्द से इग्यासनी के बीच 25 करोड़ की लागत से बनी 32 किलोमीटर सड़क के चौड़ाई एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया।
इस दौरान रामधन पोटलिया, रिछपाल मिर्धा व खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा ने भी सभा को संबोधित किया तथा मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू ने क्षेत्र की मांगों से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया।