राजस्थान में बस टर्मिनलों के पुनर्विकास की तैयारी,पीपीपी मॉडल से बनेंगे आधुनिक बस पोर्ट

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 5 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य राजस्थान को परिवहन अवसंरचना के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है, जिससे प्रदेश की आमजन का सफर सुगम हो और विकास को नई गति मिले। प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से बस टर्मिनलों का पुनर्विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रदेश के बस टर्मिनलों के पुनर्विकास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित जिला मुख्यालयों पर सार्वजनिक निजी भागीदारी के माध्यम से विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त आधुनिक बस पोर्ट विकसित किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस पोर्ट क्षेत्रीय परिवहन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होंगे। जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को बस पोर्ट्स के प्रभावी संचालन, सुव्यवस्थित प्रबंधन एवं दीर्घकालिक रखरखाव के लिए समग्र एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बस टर्मिनलों का आधुनिकीकरण आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित बस पोर्ट्स पर राजस्थान पथ परिवहन निगम एवं निजी बसों का बेहतर समन्वय से नियमित एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित हो।

इस दौरान जानकारी दी गई कि बजट घोषणा की अनुपालना में यात्रियों को आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उदयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अलवर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, ब्यावर, अजमेर, बूंदी सहित चयनित जिला मुख्यालयों पर आधुनिकतम सुविधायुक्त बस पोर्ट विकसित किये जाएंगे।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।