राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार के मंत्री मदन दिलावर से जुड़ी ‘हिन्दुस्तान स्काउट एंड गाइड’ संस्था पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में डोटासरा ने आरोप लगाया कि संस्था के शिविरों, नियुक्तियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नाम पर बड़े स्तर पर धनराशि की कथित हेराफेरी की गई।
कांग्रेस ने दावा किया कि संस्था के पदाधिकारियों ने शिविर शुल्क और अन्य मदों की राशि संस्था के खाते की बजाय निजी बैंक खातों में जमा करवाई। डोटासरा ने आरोप लगाया कि कुछ शिविर कागजों में कई दिनों तक चलाए गए, जबकि वास्तविकता में वे सीमित समय के लिए आयोजित हुए। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी हस्ताक्षर और मुहरों के इस्तेमाल के आरोप सामने आए हैं।
डोटासरा के मुताबिक, संस्था के जिला ऑर्गेनाइजर अजय कुमावत ने शिक्षा विभाग और अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर कई वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि शिकायत में निजी खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर होने, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता, फर्जी प्रमाण पत्र वितरण और सीएसआर फंड के दुरुपयोग जैसे आरोप शामिल हैं।
कांग्रेस ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एजेंसी से जांच करवाई जाए और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। डोटासरा ने कहा कि यदि संस्था पर लगे आरोप गलत हैं तो सरकार जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करे।फिलहाल इन आरोपों पर मंत्री मदन दिलावर या राज्य सरकार की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

