उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आंगनवाड़ी पोषाहार व्यवस्था की समीक्षा की,गुणवत्तापूर्ण पोषण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को सचिवालय में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रदेश के आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को उपलब्ध कराए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता, वितरण व्यवस्था और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र पर निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वादिष्ट, गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक आहार समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पोषाहार वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, नियमित मॉनिटरिंग और स्वच्छता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोषण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के बच्चों और मातृशक्ति के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर पोषण व्यवस्था के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त राजस्थान के संकल्प को साकार किया जा सकेगा।