जयपुर:-राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर के विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र और चौमूं क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
खातीपुरा मंडल के वार्ड-21 में लगभग 3.5 करोड़ रुपये और भवानी निकेतन मंडल के वार्ड-17 में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनसुविधाओं और आधारभूत विकास को प्राथमिकता दे रही है।
इन कार्यक्रमों के दौरान आयोजित कार्यशालाओं में दिया कुमारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन और कार्यकर्ताओं की साझा जिम्मेदारी है।
उपमुख्यमंत्री ने चौमूं विधानसभा क्षेत्र की मोरीजा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम रथ अभियान और संध्या चौपाल में भी हिस्सा लिया। यहां उन्होंने ग्रामीणों और महिलाओं से संवाद करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
दिया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

